300 से ज्यादा लोगों को डसा, 16 की मौत; बारिश के मौसम में गुमला में बढ़ा सर्पदंश का खतरा
गुमला जिले में पिछले साढ़े तीन महीनों में सर्पदंश से 16 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 300 से ...और पढ़ें

गुमला में साढ़े तीन माह में 16 सर्पदंश से मौतें।
HighLights
गुमला में साढ़े तीन माह में 16 सर्पदंश से मौतें।
जुलाई में सर्वाधिक छह मौतें, जागरूकता की सख्त जरूरत।
संवाद सहयोगी, गुमला। गुमला जिला में बारिश के मौसम के साथ सर्पदंश की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। मई माह से लेकर अब तक साढ़े तीन माह की अवधि में सांप के काटने से 16 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, इस दौरान जिले में 300 से अधिक लोग सर्पदंश के शिकार हुए हैं। लगातार बढ़ रही सर्पदंश की घटनाएं और मौतों का आंकड़ा चिंता का विषय बना हुआ है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, मई माह में सर्पदंश से दो लोगों की मौत हुई थी। जून में यह आंकड़ा बढ़कर चार हो गया। जुलाई माह में सबसे अधिक छह लोगों की मौत हुई, जबकि अगस्त माह में अब तक चार व्यक्ति की जान सर्पदंश से जा चुकी है। इस तरह महज साढ़े तीन माह में 16 लोगों की मौत हो चुकी है। ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के दौरान सर्पदंश का खतरा अधिक रहता है।
खेतों में काम करने, घर के आसपास निकलने और रात के समय आवाजाही के दौरान लोगों के सांप के शिकार होने की घटनाएं सामने आती हैं। कई मामलों में समय पर अस्पताल नहीं पहुंचने अथवा झाड़-फूंक के चक्कर में उपचार में देरी होने से मरीज की स्थिति गंभीर हो जाती है।
ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने की भी आवश्यकता है, ताकि सांप काटने के बाद बिना समय गंवाए मरीज को अस्पताल पहुंचाया जा सके।
अब तक हो चुके मौत का आंकड़ा
मई माह में दो लोगों की सांप के डसने से मौत हो चुकी है। जिसमें तीन मई को कोटाम पतगच्छा निवासी भिखवा उरांव (60), 17 मई को खरका के डुमरला निवासी सोमरा उरांव (41) की सांप के डंसने से मौत हो चुकी है।
वहीं जून माह में सांप के डसने से चार लोगों की जान गई है, जिसमें 11 जून को डुमरी नवाडीह के ज्योतिष टोप्पो(40), 14 जून को टोटो के बैरटोली निवासी नौ वर्षीय रीना उरांव (19), 25 जून को दो लोगों को सांप डसने से मौत हुई है। जिसमें पालकोट प्रखंड के देवगांव करंजटोली निवासी माइकल तिर्की (18) व कसीरा मधुवन निवासी दसी देवी (46) शामिल है।
जुलाई माह में छह लोगों की जान सांप के डसने से गई। जिसमें तीन जुलाई को पालकोट प्रखंड के पिंजराडीपा निवासी शिवा कुमार (13), नौ जुलाई को घाघरा कुगांव निवासी शिवानी कुमारी (9), 12 जुलाई को घाघरा प्रखंड के गिरजाटोली निवासी पतरस बारला (57), 19 जुलाई को गुमला के पतिया निवासी संजीता कुमारी (10), 22 जुलाई को सुरसांग निवासी बलराम सिंह (16), 24 जुलाई को नवाडीह फट्टी निवासी फूलचंद उरांव(39), जबकि अगस्त माह में चार लोगों सर्पदंश से जान गई।
जिसमें दो अगस्त को बजरंग सिंह (15), 14 अगस्त को समियो देवी (50) व कुम्हारी बरई गांव निवासी 22 वर्षीय मनोज टेटे की मौत सांप के डसने से हुई है। वहीं 17 अगस्त को सांप के डसने से 40 वर्षीय भूखला उरांव की मौत हो गई।
