झारखंड में डायन बिसाही के आरोप में दो लोगों की हत्या
Double murder in Jharkhand. झारखंड में डायन बिसाही के आरोप में दो लोगों की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जागरण न्यूज नेटवर्क, पाकुड़/गुमला। झारखंड के गुमला और पाकुड़ जिले में शनिवार को डायन बिसाही के आरोप में दो लोगों की हत्या कर दी गई। पहली घटना पाकुड़ के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के गादी सुरमा गांव की है। यहां शनिवार को डायन बिसाही के संदेह पर ग्रामीणों ने रूपा पहाड़िया की लाठी-डंडा से पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पत्नी शांति पहाड़िन ने दर्जनों ग्रामीणों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस ने गादी सुरमा गांव पहुंच मामले की जांच की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। मृतक की पत्नी शांति ने बताया कि डायन बिसाही के संदेह में ग्रामीणों ने पहले भी कई बार उसके पति के साथ मारपीट की थी। शुक्रवार को भी ग्रामीणों ने इसी संदेह पर लाठी-डंडा से मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। दूसरे दिन शनिवार को भी ग्रामीणों ने रूपा को जमकर पीटा। इससे उनकी जान चली गई।
टांगी से काटकर की हत्या, पत्नी भी घायल
वहीं, गुमला के बेला गांव में शुक्रवार की रात डायन बिसाही के आरोप में नारु खड़िया (50) की टांगी से काटकर हत्या की गई। वहीं उसकी पत्नी बिरसी खडि़याइन और गांव के ही कजरू भगत को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना रात लगभग साढ़े नौ बजे की है। घायल बिरसी खडि़याइन और कजरु भगत के अनुसार गांव के ही चार युवक डॉक्टर उरांव, कुलदीप उरांव, अरुण उरांव व जितिया खडि़या ने डायन बिसाही का आरोप लगाते हुए हमपर हमला कर दिया।
बिरसी ने कहा कि चारों उसके घर पहुंचे और कुछ कहे बिना मारपीट शुरू कर दी। वह भागते हुए गांव में शोर मचाने लगी तब तक उसके पति को टांगी से मारकर सभी वहां से निकले और कजरु के घर पहुंचे। कजरु ने कहा कि डॉक्टर उरांव के पिता को लकवा है। इसके लिए उसने नारु और मुझपर डायन बिसाही का आरोप लगाते हुए अपने साथियों के साथ हमला किया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस सुबह में गांव पहुंची और शव तथा घायलों को लेकर सदर अस्पताल पहुंची। यहां घायलों का इलाज चल रहा है।
शव का पोस्टमार्टम कराकर गांव के ही एक युवक को सौंप दिया। मृतक नारु के तीन पुत्र हैं और कजरु के दो ये सभी बाहर काम करते हैं। सदर अस्पताल से नारु का शव लेकर शनिचर चीक बड़ाईक गांव पहुंचा था। उसने बताया कि होली से पहले उसके पिता के साथ भी मारपीट हुई थी। सूचना मिलने पर वह होली के दिन ही घर पहुंचा है।