खेत तक पहुंच पथ के विवाद में दंपती की हत्या
संवाद सूत्रगुमला खेत तक जाने के लिए रास्ता नहीं दिए जाने के विवाद में गुमला थाना क्षेत्र के सतप
संवाद सूत्र,गुमला : खेत तक जाने के लिए रास्ता नहीं दिए जाने के विवाद में गुमला थाना क्षेत्र के सतपारा घट्ठा गांव में रविवार की रात कुछ ग्रामीणों ने टांगी से काटकर वृद्ध दंपति की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। पुलिस ने इस मामले में 12 घंटे के अंदर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गुमला थाना में एसडीपीओ मनीष चंद्र लाल ने बताया कि रविवार की रात लगभग आठ बजे कुछ लोगों ने 65 वर्षीय शनि गोप और उसकी पत्नी 60 वर्षीय फूलो देवी की हत्या कर दी। उन्होंने दंपती के पुत्र संतोष गोप को भी मारकर घायल कर दिया। पुलिस को घायल संतोष गोप ने बताया कि घर के पास उसकी जमीन को लेकर संजय भगत उर्फ गुरु लोहरा से विवाद चल रहा था जिस कारण वह पहले से ही जान मारने की धमकी देता रहता था। उसने बताया कि हमले में उसका पूरा परिवार शामिल था। संतोष के बयान पर गुमला थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई और संजय भगत, उसकी पत्नी झालो देवी, पुत्र पंकज भगत और संतोष भगत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं घटना में शामिल रहे अन्य ग्रामीणों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने हत्याकांड में प्रयुक्त एक धारदार टांगी और साढे़ तीन फीट लंबा बांस का डंडा पुलिस ने जब्त कर लिया। इस अभियान में एसडीपीओ मनीष चंद्र लाल, थाना प्रभारी शंकर ठाकुर, पुअनि विमल कुमार, परिक्ष्यमान पुअनि मो.शारिक अली, नितीश कुमार, सअनि तपेश्वर बैठा, कमल किशोर प्रसाद और रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।