चैनपुर में सेना प्रमुख बिपिन रावत बोले, मैं इस वीर भूमि को सलाम करने आया हूं
Army Chief Bipin Rawat. सेना प्रमुख बिपिन रावत ने कहा कि चैनपुर व जारी की पहचान पूरे झारखंड और भारत में वीर भूमि के रूप में है। मैं इस भूमि को सलाम करने आया हूं।
गुमला, जेएनएन। झारखंड में गुमला के चैनपुर पहुंचे सेना प्रमुख बिपिन रावत ने कहा कि चैनपुर व जारी की पहचान पूरे झारखंड और भारत में वीर भूमि के रूप में है। मैं इस भूमि को सलाम करने आया हूं। वे शुक्रवार को चैनपुर के हीरा बरवे मैदान में झारखंड की वीरांगना सम्मेलन सह सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने परमवीर चक्र से मरणोपरांत सम्मानित शहीद अल्बर्ट एक्का की पत्नी बलमदीना एक्का को दस लाख का चेक दिया एवं अन्य वीरांगनाओं को सम्मानित किया।
उन्होंने जारी एवं आसपास की भूमि को वीर भूमि का दर्जा देते हुए अखौरा क्षेत्र के गंगा सागर में अल्बर्ट की वीरता व साहस का विस्तार से उल्लेख किया। गुमला वासियों के लिए यकीकन गर्व की बात है। वीरभूमि के इस क्षेत्र की पहचान बनाए रखने के लिए अल्बर्ट एक्का को प्रतीक बनाने की इस क्षेत्र में कार्यरत सेना के जवानों का आह्वान किया। साथ ही, क्षेत्र के युवाओं से सेना में भर्ती होनै और अल्बर्ट एक्का का उदाहरण बनने का आग्रह किया।