विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुमला में दिखा 206 पहियों वाला ‘बाहुबली’ ट्रक, 200 टन की मशीन लेकर जा रहा यूपी

Published: Sun, 23 Aug 2026 11:00 AM (GMT+05:30)

पालकोट प्रखंड में 206 चक्कों वाला एक विशाल मालवाहक ट्रक लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, जिस पर ...और पढ़ें

पालकोट में 206 चक्कों वाला विशाल ट्रक बना आकर्षण।

पालकोट में 206 चक्कों वाला विशाल ट्रक बना आकर्षण।

HighLights

  1. पालकोट में 206 चक्कों वाला विशाल ट्रक बना आकर्षण।

  2. ट्रक पर 200 टन वजनी शुगर फैक्ट्री मशीन लदी है।

संवाद सूत्र, पालकोट (गुमला)। पालकोट प्रखंड में शनिवार को 206 चक्कों वाला विशाल मालवाहक ट्रक लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। ट्रक पर शुगर फैक्ट्री की वैक्यूम यूनिट से संबंधित करीब 200 टन वजनी भारी मशीन लदी हुई है। वाहन का आकार और लंबाई सामान्य मालवाहक वाहनों की तुलना में कई गुना अधिक होने के कारण इसके गुजरने वाले रास्तों पर लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है।

विशाल ट्रक को देखने के लिए लोग सड़क के किनारे खड़े रहे। कई लोग वाहन के साथ सेल्फी लेते भी नजर आए। वाहन के साथ चल रहे कर्मचारियों के अनुसार, ट्रक पर लदी मशीन बेल्जियम में निर्मित है। इसे ओडिशा के पारादीप से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है।

करीब 200 टन वजनी इस भारी मशीन को ले जाने के लिए विशाल ट्रक में दो इंजन लगाए गए हैं। वाहन की लंबाई और भारी वजन को देखते हुए इसकी आवाजाही के दौरान विशेष सावधानी बरती जा रही है। मार्ग में कई स्थानों पर सड़क किनारे मौजूद पेड़ों की डालियों की कटाई करनी पड़ रही है, ताकि वाहन को आगे बढ़ने में परेशानी न हो।

वहीं, कई जगहों पर बिजली के तार भी वाहन के रास्ते में आ रहे हैं। इसके कारण सुरक्षित आवाजाही के लिए कुछ स्थानों पर विद्युत आपूर्ति बंद करनी पड़ रही है। प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए अन्य वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से जाने की सलाह दी जा रही है।

फिलहाल पालकोट क्षेत्र में 206 चक्कों वाला यह विशाल वाहन लोगों के बीच कौतूहल का विषय बना हुआ है। लोग इसकी विशालता देखने के लिए सड़क किनारे रुक रहे हैं। वाहन के साथ चल रहे कर्मचारियों के अनुसार, यह भारी वाहन प्रतिदिन करीब आठ से 10 किलोमीटर की दूरी तय करता है। इसी गति से मशीन को उसके गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है।