गुमला में पालकोट के जंगलों में 17 हाथियों के झुंड ने दी दस्तक, वन विभाग ने जारी किया अलर्ट
गुमला के पालकोट प्रखंड के जंगलों में 17 हाथियों का झुंड पहुंचने से ग्रामीणों में सतर्कता बढ़ गई है। वन ...और पढ़ें
HighLights
पालकोट के जंगलों में 17 हाथियों का झुंड देखा गया।
वन विभाग हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है।
ग्रामीणों को हाथियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई।
संवाद सूत्र, पालकोट (गुमला)। पालकोट प्रखंड क्षेत्र के जंगलों में एक बार फिर हाथियों का झुंड पहुंचने से ग्रामीणों में सतर्कता बढ़ गई है। वन विभाग के अनुसार क्षेत्र के जंगलों में करीब 17 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। हाथियों की गतिविधियों पर वन विभाग की टीम लगातार नजर रख रही है। साथ ही उनके आवागमन और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है।
वनपाल कृष्णा महतो ने बताया कि फिलहाल हाथियों का झुंड जंगल क्षेत्र में ही घूम रहा है। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों की लगातार निगरानी कर रही है। ग्रामीणों को हाथियों की मौजूदगी को लेकर सावधान रहने की सलाह दी गई है। जंगल के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष रूप से सतर्कता बरतने को कहा गया है।
हाथियों को देखने के लिए भीड़ लगाने से बचें
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के झुंड के नजदीक जाने का प्रयास नहीं करें। हाथियों को देखने के लिए भीड़ लगाने से भी बचें। हाथियों को पत्थर मारने, शोर मचाने या उन्हें खदेड़ने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। इससे हाथी उत्तेजित हो सकते हैं और ग्रामीणों के लिए खतरा उत्पन्न हो सकता है।
वनपाल ने कहा कि जंगल या गांव के आसपास हाथियों के दिखाई देने पर ग्रामीण सुरक्षित दूरी बनाए रखें और इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें। उन्होंने कहा कि रात के समय जंगल अथवा जंगल से सटे क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचें।
वन विभाग को सूचना दें
ग्रामीण समूह बनाकर हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के बजाय वन विभाग को सूचना दें, ताकि विभाग की टीम आवश्यक कार्रवाई कर सके। वन विभाग हाथियों की गतिविधियों के अनुसार आगे की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर रहा है।
