ईमानदारी से ग्रीन कार्ड का सत्यापन करें अधिकारी : बीडीओ
प्रखंड परिसर स्थित सभागार में रविवार को खाद्य सुरक्षा योजना से संबंधित प्रतिनियुक्त शिक्षक पंचायत सचिव एवं आंगनवाड़ी सेविकाओं का एक
संवाद सूत्र मेहरमा : प्रखंड परिसर स्थित सभागार में रविवार को खाद्य सुरक्षा योजना से संबंधित प्रतिनियुक्त शिक्षक, पंचायत सचिव एवं आंगनवाड़ी सेविकाओं का एक दिवसीय प्रशिक्षण प्रखंड विकास पदाधिकारी मेहरमा कुमार अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी रवींद्र कुमार सिन्हा मुख्य रूप से मौजूद थे। बैठक में ग्रीन कार्ड के भौतिक सत्यापन पर चर्चा हुई। प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार अभिषेक सिंह ने कहा कि जो भी व्यक्ति अपना ऑनलाइन करा चुके हैं, उनका भौतिक सत्यापन करना है। जिसमें मुख्य रूप से उनके आधार कार्ड के अनुसार ऑनलाइन सत्यापन का कार्य संपन्न करें। इसमें जितने भी कर्मी हैं वे निष्ठा पूर्वक कार्य करें। ताकि कार्य का निष्पादन सही तरीके से हो सके। उन्होंने कहा कि प्रखंड क्षेत्र में कुल 6653 व्यक्ति का ग्रीन कार्ड बनना है। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी रविद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि ग्रीन कार्ड बनवाने के दौरान मुख्य रूप से आदिम जनजाति के बाद विधवा, परित्यागता नारी, निशक्त, दिव्यांग के अलावे कुष्ठ रोग, कैंसर जो सिविल सर्जन द्वारा सत्यापित होगी। इसके अलावा एकल परिवार एवं वृद्ध को प्राथमिकता दी जाएगी। एमओ रवींद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि उपरोक्त बिदुओं पर ध्यान देते हुए कार्य करना है। इसमें किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर कार्यालय से संपर्क करें। विस्तृत जानकारी आपको उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा कई अन्य बिदुओं पर भी चर्चा हुई। बैठक में हितेश कुमार, लुकमान अंसारी, श्यामा कांत सिंह, शशि प्रसाद अजीत कुमार सिंह, स्वीटी कुमारी, वीणा कुमारी के अलावा दर्जनों कर्मी उपस्थित थे।