तानाशाही रवैये से डुमरा गांव के ग्रामीण परेशान
बोआरीजोर प्रखंड के डुमरा गांव के निवासियों ने अपने ही गांव के लोगों द्वारा किए जा रहे तानाशाही के खिलाफ ललमटिया थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने लिखित आवेदन देकर 12 नामजद लोगों को इसके लिए जिम्मेवार बताया है।
ललमटिया : बोआरीजोर प्रखंड के डुमरा गांव के निवासियों ने अपने ही गांव के लोगों द्वारा किए जा रहे तानाशाही के खिलाफ ललमटिया थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने लिखित आवेदन देकर 12 नामजद लोगों को इसके लिए जिम्मेदार बताया है। गांव के मोहन सोरेन, सिदो बास्की, विनोद बास्की, मोतीलाल टुडू सहित दर्जनों लोगों ने ललमटिया थाने से वापस आने के क्रम में बताया कि गांव के संझली मुर्मू, चुटका मुर्मू, प्रभु मांझी, जेठा मुर्मू सहित एक दर्जन लोग कई महीनों से गांव का माहौल खराब कर बेवजह कोई न कोई इल्जाम लगाकर लोगों के साथ मारपीट करते हैं। उनके द्वारा अपने ही कार्ड से राशन का उठाव नहीं करने तथा ऐसा करने पर 10 हजार का जुर्माना लगाने की बात कही जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि कुएं से पानी लेने, सरकारी पोखर से सिचाई के लिए पानी लेने से वंचित किया जाता है और मछली में भी हिस्सा नहीं दिया जा रहा है। कहा की पूरे लॉकडाउन के समय में उनका जीवन नारकीय हो गया है। इस संबंध में स्थानीय विधायक लोबिन हेंब्रम के साथ-साथ अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित कई लोगों को भी इसकी जानकारी पत्र के माध्यम से दी गई है।