यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 08, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
असंगठित मजदूरों के लिए श्रम कार्ड बहुत लाभदायक : डालसा
गोड्डा झारखंड विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से पेन इंडिया अवेयरनेस एवं आउ

संवाद सहयोगी, गोड्डा : झारखंड विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से पेन इंडिया अवेयरनेस एवं आउटरीच कार्यक्रम के तहत सोमवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों की टीम ने ग्रामीण क्षेत्रों में घूमघूमकर ग्रामीणों को विविध जानकारी दी। इस दौरान सुंदरपहाड़ी क्षेत्र के पैनल अधिवक्ता ध्रुव चौबे, पीएलवी जायसवाल मांझी, तबरेज आदि ने सुंदर पहाड़ी प्रखंड के अंतर्गत ग्राम- खैरीबाड़ी, धनीपीगाडर,बड़ा नदी जागीर, सड़क टोला, पाकुड़िया, रामपुर, पोखरुया बड़ा धमनी, आदि गांवों में जागरूकता शिविर का आयोजन कर ग्रामीणों को जागरुकता का पाठ पढ़ाया। उन्होंने ग्रामीणों व असंगठित श्रमिकों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। योजनाओं से संबंधित पर्चा का वितरण किया गया। कहा कि बच्चे- बच्चियों को दूसरे प्रदेश में काम पर मत भेजें व बाल मजदूरी नहीं करायें। सरकार ने जगह-जगह पठन- पाठन की बेहतर व्यवस्था की है। इसका लाभ लें और बच्चों का भविष्य संवारने में उनकी मदद करें। योजनाओं का लाभ लेने के लिए सतत जागरूक रहें और बिचौलिया से दूर रहें। खासकर वर्तमान समय में श्रमिकों को लाभ पाने के लिए नजदीकी प्रज्ञा केन्द्र पर जाकर ई-रजिस्ट्रेशन कराएं। इसी प्रकार गोड्डा की टीम में बैजंती माला, निरंजन पासवान व रीटेनर अजीत कुमार, मेहरमा की टीम के पीएलवी दयानंद यादव एवं विमल टुडू, बोआरीजोर में दिलीप यादव व सुषमा मुर्मू ने ,महागामा में रामविलास महतो एवं सुषमा मरांडी ने पथरगामा में अधिवक्ता सहित पीएलवी मार्था टुडू व जोबाती ने पोड़ैयाहाट में शंकर सेन एवं सुशील कुमार ने ग्रामीणों को जागरूक किया।
