स्वच्छता में अव्वल आने पर राजकीयकृत आदर्श मध्य विद्यालय को सम्मान
ठाकुरगंगटी स्वच्छ विद्यालय से संबंधित राज्य स्तरीय पुरस्कार लेकर विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाध्य
ठाकुरगंगटी : स्वच्छ विद्यालय से संबंधित राज्य स्तरीय पुरस्कार लेकर विद्यालय पहुंचने पर प्रधानाध्यापक कौशल किशोर ठाकुर का प्रखंड क्षेत्र के राजकीयकृत आदर्श मध्य विद्यालय खरखोदिया में गणमान्यों, अभिभावकों आदि ने स्वागत किया। स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार 2020 के लिए पूरे झारखंड राज्य से 119 विद्यालयों का चयन हुआ था। जिसमें गोड्डा जिले से राजकीयकृत विद्यालय में से आदर्श मध्य विद्यालय खरखोदिया और दूसरा जवाहर नवोदय विद्यालय ललमटिया का चयन हुआ था। वैश्विक महामारी कोविड-19 के संक्रमण के कारण दोनों विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को गोड्डा एनआइसी में प्रदेश के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से उप विकास आयुक्त अंजली यादव ने मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र सहित डेढ़ लाख रुपए की राशि भी विद्यालय के खाते में दी। बताते चलें कि राजकीयकृत आदर्श मध्य विद्यालय खरखोदिया प्रखंड में ही नहीं जिले में बेहतर स्थान रखती है। इस विद्यालय ने लगातार यह दूसरी बार पुरस्कार मिला है। विद्यालय के अनुभवी शिक्षक अनुशासित होकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देते हैं। छात्रों की भी संख्या प्रखंड स्तर पर अधिक रहती है। साथ ही साथ खरखोदिया गांव के साथ पोषक क्षेत्र के विभिन्न गांवों के अभिभावकों, शिक्षाविदों, बुजुर्गों, गणमान्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों, विद्यालय प्रबंधन समिति सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों आदि का भी सहयोग रहता है। इस विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चे अनुशासन में रहकर शिक्षा ग्रहण करते हैं। विद्यालय में वृहत रूप में पौधरोपण भी किया गया है। वहीं विद्यालय परिसर को बेहतर ढंग से सजाया गया है। इस स्कूल के छात्र छात्राओं का परिणाम उत्कृष्ट रहा है। इस विद्यालय के प्रधानाध्यापक कौशल किशोर ठाकुर के पुरस्कार लेकर विद्यालय लौटने के बाद विद्यालय प्रबंधन समिति सदस्य सह वयोवृद्ध पूर्व मुखिया भुवनेश्वर पोद्दार, रामाकांत झा, परमेश्वर यादव, पूर्व मुखिया नीता देवी, प्रभाकर झा, छेदी कोड़ा, अनिल यादव, भैरव रविदास सहित दर्जनों बुजुर्गों, शिक्षाविदों , अभिभावकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों आदि ने प्रधानाध्यापक को धन्यवाद दिया और मिठाई भी खिलाकर बधाई दी। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए विद्यालय के पोषक क्षेत्र सहित ठाकुरगंगटी प्रखंड क्षेत्र के निवासियों ने भी खुशी का इजहार किया है।