अंडे की जगह सड़ा केला मिलने पर बच्चों ने किया बवाल
महागामा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय में बच्चों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
संस, हनवारा : महागामा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय में बच्चों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। जमकर हंगामा किया। बच्चों का आरोप था कि अंडा के बदले सड़ा केला दिया जा रहा था। इसलिए नाराज होकर प्रबंधन समिति अध्यक्ष एवं संयोजिका के खिलाफ प्रदर्शन किया।
बच्चों का कहना था कि हमलोगों को गुणवत्तापूर्ण भोजन नहीं देना है तो एमडीएम को बंद कर दीजिए। 15 दिन से यही हो रहा है। घटिया नाश्ता एवं भोजन देकर स्कूल प्रबंधन पैसों की बचत कर रहा है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा मंडल अध्यक्ष नजाम मंसूरी ने बताया कि बच्चों की शिकायत पर स्कूल गया तो पता लगा कि 15 दिन से अध्यक्ष एवं संयोजिका सड़ा हुआ केला दे रहे हैं। जबकि बुधवार के दिन मीनू में बच्चे को अंडा देना था। 15 दिन से अंडा की जगह बच्चों को सड़ा हुआ केला देना साबित करता है कि राशि का गबन हो रहा है। अगर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी यहां के अध्यक्ष एवं संयोजिका पर कार्यवाही नहीं करते हैं तो इसकी शिकायत उपायुक्त से की जाएगी। आंदोलन करेंगे।