लक्ष्य के अनुरूप करें राजस्व की वसूली
गोड्डा : अपर समाहर्ता अनिल तिर्की ने शनिवार को समाहरणालय सभागार में राजस्व संग्रह की समीक्ष्
गोड्डा : अपर समाहर्ता अनिल तिर्की ने शनिवार को समाहरणालय सभागार में राजस्व संग्रह की समीक्षा की। इस क्रम में उन्होंने वित्तीय वर्ष 18-19 में लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रह करने का निर्देश दिया। उन्होंने क्रमवार सभी विभागों के राजस्व संग्रह की जानकारी ली। जिनका प्रदर्शन संतोषजनक था, उन्हें लक्ष्य के अनुसार राजस्व संग्रह करने को कहा। असंतोषजनक प्रदर्शन पर संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को योजना बनाकर राजस्व संग्रह में तेजी लाने को कहा। एसी ने कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी तरह की कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, पंजी टू को अपडेट करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। अपर समाहर्ता ने कार्य की प्रगति देखकर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अंचल निरीक्षक व अंचलाधिकारी को इसमें और तेजी लाने को कहा। उन्होंने कहा कि निर्देश का अनुपालन नहीं करनेवालों के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आपदा प्रबंधन के विपत्रों का अविलंब सामंजन करने को कहा। मत्स्य विभाग के लिए भूमि चिह्नित करने को कहा। सप्ताह भर में दाखिल-खारिज के लंबित मामलों के निष्पादन को कहा। बैठक में विभिन्न अंचलों के अंचलाधिकारी, विभागों के पदाधिकारी, अंचल निरीक्षक आदि उपस्थित थे।