गोड्डा में सिदो-कान्हू की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने पर हंगामा
Protest in godda. झारखंड के गोड्डा में सिदो और कान्हू की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने पर लोगों ने जमकर हंगामा किया।
संवाद सहयोगी, महागामा। गोड्डा जिले के महागामा स्थित दीयाजोरी-ललमटिया मुख्य मार्ग के समीप सिदो- कान्हू की प्रतिमाओं को किसी असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया है। इसके विरोध में आदिवासी संगठनों ने मंगलवार को मोर्चा खोल लिया। काफी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर उतर गए और दियाजोरी-ललमटिया मुख्य मार्ग को अवरुद्ध कर दिया।
घटना स्थल पर कमेटी के मेंबर सहित आदिवासी समाज के कई गणमान्य लोग मौके पर पहुंच गए और देखा कि कई साल से स्थित सिदो कान्हू की मूर्तियों को किसी ने तोड़ दिया है। प्रतिमाओं के हाथ क्षतिग्रस्त कर दिए गए हैं। साथ ही, अन्य चीजें भी इधर उधर कर दी गई थी।
गोड्डा के महगामा में सिदो कान्हू की प्रतिमाओं को खंडित किए जाने के विरोध में सड़क जाम करते लोग।
इसकी सूचना पर महागामा पुलिस प्रशासन वहां पहुंचा। महागामा -ललमटिया मुख्य मार्ग को जाम कर दिया गया था। घंटों मशक्कत के बाद भी जाम लगा रहा। वहीं, मुखिया प्रबोध सोरेन, मोहम्मद सईद अंसारी आदि भी मौके पर पहुंचे हुए थे।
महागामा बीडीओ धीरज प्रकाश ने आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द इस पर कार्रवाई की जाएगी और जो भी यह घृणित कार्य किए हैं उसे छोड़ा नहीं जाएगा। साथ ही, साथ बताया गया कि मुखिया को क्षतिग्रस्त मूर्ति बनवाने का जिम्मा दिया गया है। स्थानीय प्रशासन ने सिदो कान्हू कमेटी के मेंबर के साथ भी वार्ता की। पुलिस प्रशासन की ओर से कहा गया कि जल्द से जल्द दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इस आश्वासन के बाद दोपहर बाद जाम हटा।