जमनीकोला की मुखिया व उनके पति पर हमला
बसंतराय : थाना क्षेत्र की जमनीकोला पंचायत की मुखिया बिनु मिश्रा व उनके पति पद्मकान्त मिश्रा पर रविवा
बसंतराय : थाना क्षेत्र की जमनीकोला पंचायत की मुखिया बिनु मिश्रा व उनके पति पद्मकान्त मिश्रा पर रविवार की सुबह गांव के ही प्रमेश कुमार व नृपेंद्र झा ने हमला कर दिया। हमले में पद्मकान्त मिश्रा का सर फट गया। उन्हें गंभीर चोट भी आई है। घटना की सूचना बसंतराय थाना को दी गई जिसके बाद पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए पथरगामा अस्पताल भेज दिया लेकिन सर में चोट रहने के कारण बेहतर इलाज के लिए गोड्डा भेज दिया गया। इधर, बसंतराय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी लेने के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कई जगह छापेमारी की लेकिन सभी फरार हो गए। मुखिया अपने आवास में कुछ सरकारी कार्य कार्य रही थीं। इसी बीच गांव के ही प्रमेश कुमार व नृपेंद्र झा बोलेरो से पहुंचे और मुखिया को गाली-गलौज करने लगे। सभी शराब के नशे में धुत थे। मुखिया ने सभी को समझाने का प्रयास किया। इसी बीच दोनों ने मुखिया को धक्का देकर गिरा दिया तथा उनके गले से चेन भी छीन ली। पति बचाने आए तो रॉड से सर पर वार कर दिया। वे खून से लथपथ होकर गिर गए। हो हल्ला होने के बाद आसपास के ग्रामीण दौड़कर आए और उन्हें उठाया। तब तक दोनों आरोपित भाग गए। पद्मकान्त मिश्रा ने इस संबंध में बसंतराय थाने में मामला दर्ज कराया है। बताया जाता है कि दोनों ही युवक आपराधिक किस्म के हैं। दिनभर शराब के नशे में धुत रहते हैं तथा पंचायत में विकास कार्यो में रंगदारी की भी मांग करते हैं। नहीं देने पर पंचायत में अशांति फैलाने का काम करते हैं। फिलहाल मुखिया पति का इलाज सदर अस्पताल गोड्डा में चल रहा है।