दो दिन के अंदर सभी पंचायतों का करें सर्वे
मेहरमा : प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभागार में रविवार को बीडीओ सुरेंद्र उरांव व सीओ खगे
मेहरमा : प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभागार में रविवार को बीडीओ सुरेंद्र उरांव व सीओ खगेन महतो ने सुखाड़ सर्वेक्षण के लिए प्रखंड कृषि पदाधिकारी, पंचायत सेवकों, राजस्व कर्मचारियों आदि के साथ बैठक की। इस दौरान दो दिनों के अंदर प्रखंड की सभी 23 में से 21 पंचायतों का सर्वे करने का निर्देश दिया। कहा कि कम बारिश होने के कारण फसल नहीं हो पाई। इस वजह से किसानों के समक्ष भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है। पूर्व में वर्षा मापी यंत्र से सर्वे कराया गया था। इसके आधार पर सरकार द्वारा अन्य जिला सहित गोड्डा को भी सुखाड़ घोषित किया गया है। बताया कि पूर्व में वर्षा मापी यंत्र से सर्वे किया गया था। प्रखंड व अंचल कर्मियों को गांव जाकर फसल की स्थिति का पता करने और उसकी वीडियोग्राफी कराने का निर्देश दिया। बीडीओ ने बताया कि झारखंड आकस्मिक कोषांग का भी गठन करना है। पच्चास फीसद से अधिक आबादी वाले गांव में आदिवासी विकास समिति व अन्य गांवों में ग्राम विकास समिति का गठन किया जाएगा। मुखिया व पंचायत सचिव के नाम संयुक्त खाता खोला जाएगा। बताया कि सुखाड़ के मद्देनजर प्रत्येक गांव में जल संचयन व पलायन रोकने के लिए कुआं, तालाब, डोभा आदि का निर्माण करना है। इस दौरान प्रखंड के सभी गांव के खराब चापाकल को युद्ध स्तर पर मरम्मत कराने, स्कूल, आंगनवाड़ी व स्वास्थ्य केंद्र का संचालन नियमानुसार कराने पर भी विशेष बल दिया।