गोड्डा जिला मुख्यालय के सदर अस्पताल में अलग से 25 बेड का डेडीकेडेड कोविड वार्ड तैयार करने की कार्य योजना बनी है। इसके मद्देनजर जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। वर्तमान समय में कोरोना की दूसरी लहर भारी तबाही मचा रही है। इसको ध्यान में रखकर राज्य सरकार ने जिला अस्पताल में 25 बेड वाले विशेष कोविड वार्ड बनाने की पहल की है। इसमें अत्याधुनिक चिकित्सकीय सुविधाएं रहेंगी। इस काम में राज्य सरकार के साथ-साथ स्थानीय विधायक अमित मंडल की विधायक मद सहित सीएसआर निधि का भी उपयोग किया जाएगा। यह डेडीकेडेड कोविड वार्ड आइसीएमआर के मापदंडों के अनुरूप होगा।

इसमें 17 ऑक्सीजन बेड, पांच वेंटिलेटर और तीन आइसीयू बनेगा। यहां कोरोना संक्रमितों का बेहतर इलाज किया जाएगा। इससे गंभीर रोगियों को बाहर रेफर करने की बाध्यता खत्म होगी और जिला मुख्यालय में ही गंभीर रोगियों को बेहतर इलाज मिल पाएगा।

जिले में तेजी से बढ़ रहे संक्रमण को रोकने के लिए जिला प्रशासन युद्ध स्तर से सभी मोर्चे पर काम रहा है। सप्ताहव्यापी लॉकडाउन को प्रभावी बनाने के लिए जगह जगह पुलिस प्रशासन की ओर से लोगों को खबरदार किया जा रहा है, वहीं कोविड अस्पतालों में इलाजरत मरीजों के बेहतर चिकित्सा के लिए भी दंडाधिकारियों को मॉनिटरिग करने की जिम्मेवारी सौंप दी है। साथ ही सरकारी व निजी कोविड हॉस्पिटलों में ऑक्सीजन की कमी दूर करने के लिए ऑक्सीजन बैंक की स्थापना कर औद्योगिक प्रतिष्ठानों से भी ऑक्सीजन सिलिडर जमा करवाया जा रहा है। इसके साथ ही सदर अस्पताल में ऑक्सीजन पाइप लाइन के जरिए कोविड वार्ड के रोगियों को ऑक्सीजन की सुविधा मुहैया कराने के लिए भी कार्य जोर शोर से काम किया जा रहा है। जिले में संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यहां आधिकारिक रूप से संक्रमितों की संख्या 600 से अधिक हो गई है। वहीं सैकड़ों ऐसे लोग भी हैं जो कोरोना से संक्रमित होकर होम आइसोलेशन में रहकर चिकित्सकों से सलाह लेकर अपना इलाज स्वयं कर रहे हैं। जिला प्रशासन की ओर से अब जांच में पॉजिटिव पाए जाने पर संक्रमित मरीजों को दवाओं की किट भी मुहैया कराई जा रही है। यहां ऐसे 500 से अधिक मरीजों को उक्त किट दी गई है।

------------------------

- गोड्डा विधायक अमित मंडल की ओर से सदर अस्पताल के डेडीकेडेड कोविड वार्ड को अत्याधुनिक सुविधाओं और संसाधनों से लैस करने के लिए तत्काल 25 लाख रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। अगर व्यय की राशि बढ़ेगी तो विधायक की ओर से अतिरिक्त राशि देने का भी भरोसा दिलाया गया है। शीघ्र ही सदर अस्पताल के कोविड वार्ड को चिकित्सकीय संसाधनों से लैस कर दिया जाएगा।

- डॉ एसपी मिश्रा, सिविल सर्जन, गोड्डा।

------------------------ सदर अस्पताल परिसर में डेडीकेडेड कोविड वार्ड को अपग्रेड किया रहा है। यहां ऑक्सीजन पाइप लाइन के जरिए कोविड के रोगियों को ऑक्सीजन की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। वहां 17 ऑक्सीजन बेड, पांच वेंटिलेटर और तीन आइसीयू में संक्रमितों का इलाज किया जाएगा। पुरुष वार्ड एवं महिला वार्ड में ऑक्सीजन, डॉक्टर, नर्स सहित अन्य सभी सुविधाएं 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी।

- भोर सिंह यादव, डीसी, गोड्डा।