घर के अंदर सो रहे मां-बेटे को ट्रक ने राैंदा
रोजाना की तरह गुजाली यादव अपने घऱ में सोए हुए थे। बगल की खाट पर उनकी पत्नी 32 वर्षीय परली देवी और 8 वर्षीय पुत्र विकास यादव थे। अचानक घर को धराशायी करता हुआ अंदर एक ट्रक घुस आया।
महागामा, जेएनएन।गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र के महुआरा गांव में अनियंत्रित ट्रक ने घर के अंदर सो रहे मां-बेटे को राैंद दिया। माैके पर ही मां परली देवी और बेटे विकास यादव की माैत हो गई। जबकि परली के पति गुजाली देवी और बड़ा बेटा मुकेश घायल हो गए।
रोजाना की तरह गुजाली यादव अपने घऱ में सोए हुए थे। बगल की खाट पर उनकी पत्नी 32 वर्षीय परली देवी और 8 वर्षीय पुत्र विकास यादव थे। शुक्रवार की रात करीब दो बजे अचानक उनके घर को धराशायी करता हुआ अंदर एक ट्रक घुस आया। इससे गुजाली यादव की 32 वर्षीया पत्नी परली देवी उर्फ पारो देवी तथा बेटे आठ वर्षीय विकास यादव की मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच की जा रही है।
गुजाली यादव ने बताया कि घर में अपनी पत्नी परली देवी उर्फ पारो देवी, बेटा मुकेश यादव व विकास यादव के साथ सोया हुआ था। रात के करीब दो बजे एकाएक घर में एक ट्रक घुस गया। पत्नी व बेटा विकास उसकी चपेट में आ गया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। ट्रक के जोरदार टक्कर से गुजारी यादव खाट से कुछ दूरी पर जा गिरा जिससे वह बाल-बाल बच गया। हालांकि उन्हें भी पैर में गंभीर चोट आयी है। बेटे मुकेश यादव को भी गंभीर चोट लगी है। आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो देखा कि परली देवी और विकास ट्रक में फंसा हुआ है। काफी मशक्कत के बाद दोनों को निकाला गया लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा भेज दिया। प्रशासन की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
गुजाली मजदूरी कर अपना घर-परिवार चलाता था। उसकी बड़ी बेटी पूजा कुमारी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। वह बार-बार अपनी मां को बुला रही थी। उसका भाई मुकेश अपनी मां को ढूंढ रहा था। गांव के लोग दोनों को सांत्वना दे रहे थे। लोगों का कहना था कि सड़कें काफी अच्छी हो गई हैं। ब्रेकर न होने की वजह से इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। बाद में अंचलाधिकारी अरविंद देवाशीष टोप्पो ने थाना में पहुंकर गुजाली यादव को प्रखंड प्रशासन की ओर से 20 हजार रुपये का चेक सौंपा।