केरोसिन छिड़ककर महिला ने लगाई आग, स्थिति गंभीर
ललमटिया : थाना क्षेत्र के लोहंडिया बाजार गांव में बुधवार को वीरेंद्र गुप्त की पत्नी बेबी देवी ने
ललमटिया : थाना क्षेत्र के लोहंडिया बाजार गांव में बुधवार को वीरेंद्र गुप्त की पत्नी बेबी देवी ने घर में अपने उपर केरोसिन छिड़ककर अचानक आग लगा ली। आग लगने के बाद कमरे में बैठे पति व चार माह की बच्ची को भी अपने पास पकड़ लिया। जिससे पति व बच्ची भी झुलस गये हैं। हालांकि, शोर होने पर आसपास के लोग एकत्र हो गये और पुलिस की सूचना देने के साथ ही आग बुझाने का प्रयास करने लगे। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल बेबी देवी व उसकी बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया। जहां प्राथमिक चिकित्सा के बाद बेहतर इलाज के लिए बेबी देवी को बोकारो रेफर कर दिया गया। जबकि, बच्ची व पति का इलाज स्थानीय केंद्र में चल रहा है। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर पति-पत्नी में झगड़ा हो रहा था। इसी क्रम में बेबी देवी ने केरोसिन छिड़ककर आग लगा ली और बच्ची को गोद में रख लिया। उसने पति को भी पकड़ने की कोशिश की। जिससे उनका भी शरीर झुलस गया है। वीरेंद्र कुमार के दो और बच्चे हैं जिनका नाम साक्षी कुमारी व अभिषेक कुमार है। घटना के समय दोनों बाहर खेल रहे थे। घटना को ले क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल गर्म है। वीरेंद्र हाट बाजार में चावल दाल मसाला आदि का खरीद बिक्री करता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।