करंट लगने से अधेड़ की मौत
मेहरमा : स्थानीय थाना क्षेत्र के डोय अलवा टोला गांव के 45 वर्षीय राजपति उरांव की मौत रविवार
मेहरमा : स्थानीय थाना क्षेत्र के डोय अलवा टोला गांव के 45 वर्षीय राजपति उरांव की मौत रविवार दोपहर करंट लगने से हो गई। राजपति बहियार में मवेशी चरा रहा था। इसी क्रम में लटक रहे हाइटेंशन तार में वह सट गया। वह बुरी तरह झुलस गया। करीब आधे घंटे तक वह जमीन पर ही तड़पता रहा। खेत में काम कर रहे अन्य लोगों ने उसे देखा और शोर मचाया। इसकी जानकारी उसके परिजनों व पुलिस को दी। परिजन तुरंत वहां पहुंचे और उसे खेत से उठाकर मुख्य पथ पर लाया। इतने में थाना प्रभारी जैनुल आबेदीन व सहायक अवर निरीक्षक सुबोध कुमार सशस्त्र पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। राजपति को वाहन में लादकर अस्पताल पहुंचाया जहां डॉ रंजन कुमार ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके पश्चात पुलिस ने शव को अंत्यपरीक्षण के लिए गोड्डा भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि बिजली विभाग के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रकिया चल रही है। इससे पूर्व प्रखंड विकास पदाधिकारी सुरेंद्र उरांव व अंचलाधिकारी खगेन महतो अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। अंचलाधिकारी ने बताया कि मृतक का नाम बीपीएल सूची में रहने पर उसे पारिवारिक लाभ योजना का लाभ दिया जाएगा। राजपति उरांव को चार पुत्री व दो पुत्र है। एक लड़की की शादी हो चुकी है। मेहनत मजदूरी कर वह परिवार का भरण पोषण करता था। उसके निधन से पत्नी व बच्चों की परवरिश की ¨चता सभी को सता रही है।