गोड्डा में भीषण सड़क हादसा: युथ कांग्रेस नेता दीपक मंडल की मौत, पांच घायल
गोड्डा में पोड़ैयाहाट के कारूडीह फोरलेन पर हुए सड़क हादसे में युथ कांग्रेस के जिला महासचिव दीपक कुमार मंडल की मौत हो गई।

हादसे की सूचना के बाद गोड्डा सदर अस्पताल में जुटे लोग। (फोटो जागरण)
HighLights
युथ कांग्रेस महासचिव दीपक मंडल की सड़क हादसे में मौत।
प्रदेश स्तरीय नेता विकास सिंह सहित पांच लोग गंभीर घायल।
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पोड़ैयाहाट फोरलेन पर पलटी।
संवाददाता, गोड्डा। हंसडीहा-पोड़ैयाहाट एनएच फोरलेन पर मंगलवार की रात स्कॉर्पियो के पलटने से यूथ कांग्रेस नेता दीपक कुमार मंडल की मौत हो गई। दीपक सदर प्रखंड के गायछांद का रहने वाला था। हालांकि, हाल के दिनों में वह सरकंडा में ही रह रहा था।
दीपक कुमार मंडल यूथ कांग्रेस का जिला महासचिव था। वहीं, इस घटना में कांग्रेस के विकास कुमार सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए रांची रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, काले रंग की स्कॉर्पियो पर कुल छह लोग सवार थे। हादसे में रामगोपाल कृष्ण, जितेंद्र मंडल, नीतीश कुमार और अमित कुमार भी घायल हुए हैं।
दो घायलों को देर रात प्राथमिक उपचार के बाद रांची रेफर किया गया, जबकि एक कोलकाता तथा दो को भागलपुर मायागंज रेफर किया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन का नंबर जेएच 17 जेड 9189 बताया जाता है।
तेज रफ्तार में थी स्कॉर्पियो, अनियंत्रित होकर पलटी
जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो पर कुल छह लोग सवार थे। वे देर रात करीब 11 बजे गोड्डा से तारापीठ जाने के लिए निकले थे। मृतक दीपक कुमार मंडल देर रात अपनी मां को भागलपुर में दिखाकर लौटा था।
तारापीठ जाने के लिए वह भी दोस्तों के साथ हो गया। पोड़ैयाहाट से कुछ दूर हंसडीहा जाने के दौरान कारूडीह चावल मिल के पास स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में तीन-चार बार पलट गई तथा काफी दूर तक घसीटती चली गई।
दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी का परखच्चा उड़ गया है। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। देर रात मौके पर पहुंचे लोगों ने बताया कि वाहन जितेंद्र मंडल का ही था।
चालक से लेकर पोड़ैयाहाट के पास रामगोपाल यादव गाड़ी ले गए थे, जिसके कुछ मिनट बाद ही हादसा हो गया। दीपक कुमार मंडल का शव देर रात ही गोड्डा सदर अस्पताल लाया गया।
देर रात पहुंचे सीएलपी लीडर प्रदीप यादव, घायलों को कराया रांची रेफर
जानकारी के अनुसार, देर रात डीएसपी हेडक्वार्टर जेपीएन चौधरी को घायल विकास कुमार सिंह ने घटनास्थल से सूचना दी कि दुर्घटना हुई है और वह घायल है। उनके ही पहल पर घायलों को रेस्क्यू करने के लिए पोड़ैयाहाट से पुलिस टीम गई।
इसके बाद जेपीएन चौधरी ने ही सीएलपी लीडर को सूचित किया। सूचना मिलने के बाद वे स्वयं सदर अस्पताल पहुंचे। घायलों का प्राथमिक उपचार कराने के बाद बेहतर उपचार के लिए उन्हें रांची रेफर कराया गया।
वहीं, घटना के दूसरे दिन सुबह जानकारी मिलने पर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश यादव सहित भाजपा के बब्लू सिंह, कांग्रेस के इफतेखार, चेयरमैन प्रतिनिधि मुकेश रमाणी, समाजसेवी सुमन कुमार दास आदि अस्पताल पहुंचे। सभी ने घटना पर दुख जताया।
अपने पीछे दो बच्चियों को छोड़ गया दीपक मंडल
दीपक कुमार मंडल शादीशुदा था। वह दो भाइयों में सबसे छोटा था। चार साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसकी दो बच्चियां हैं।
दीपक के चले जाने से दोनों बच्चियों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। घर के लोग दीपक के शव को देखकर चीत्कार मारकर रो रहे थे।हर कोई दीपक कुमार मंडल के चले जाने पर मर्माहत था। लोग कह रहे थे कि अब छोटे-छोटे बच्चों को कौन सहारा देगा।
