माइक्रो फाइनेंस कर्मचारी ने रची फर्जी लूट की साजिश, गोड्डा पुलिस ने किया पर्दाफाश
Godda Police ने बलबड्डा में माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी द्वारा रची गई 1.31 लाख रुपये की फर्जी लूट का पर्दाफाश किया है।

गोड्डा पुलिस की गिरफ्त में शंभु कुमार शर्मा। (फोटो जागरण)
HighLights
माइक्रो फाइनेंस कर्मचारी ने फर्जी लूट की कहानी गढ़ी।
पुलिस ने 1.31 लाख रुपये की लूट का पर्दाफाश किया।
आरोपी शंभू कुमार शर्मा गिरफ्तार, पैसे बरामद।
पंचायत सूत्र, जागरण, बलबड्डा (गोड्डा)। बलबड्डा थाना क्षेत्र के चौरा-धनकुड़िया गांव के पास चार अज्ञात अपराधियों की ओर से भय दिखाकर 1.31 लाख रुपये लूट लिए जाने के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि लूट की घटना वास्तव में फर्जी थी और कंपनी के कर्मचारी ने ही रुपये हड़पने की नीयत से पूरी कहानी गढ़ी थी।
मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर उसके पास से 1.22 लाख रुपये नकद, वीवो वी 27 मोबाइल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
बताया जाता है कि आइआइएफएल समस्ता माइक्रो फाइनेंस लिमिटेड, कहलगांव शाखा में कार्यरत शंभु कुमार शर्मा, पिता अजय शर्मा,निवासी डोमन खुटहरी,थाना पीरपैंती, जिला भागलपुर ने छह सितंबर की रात बलबड्डा थाना क्षेत्र के चौरा-धनकुड़िया के पास चार अज्ञात अपराधियों द्वारा पिस्टल का भय दिखाकर ग्राहक से लोन की किस्त के रूप में प्राप्त 1.31 लाख रुपये छीन लिए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी।
इस संबंध में बलड्डा थाना कांड संख्या 55/2026 दर्ज किया गया था। घटना के बाद महागामा एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने जब शंभु कुमार शर्मा से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस के मुताबिक,कंपनी की राशि हड़पने की नीयत से उसने झूठी लूट की कहानी गढ़ी थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने कंपनी के ग्राहकों से लोन की किस्त के रूप में प्राप्त 1.22 लाख रुपये, शएक वीवो वी 27 एंड्रायड मोबाइल तथा घटना में प्रयुक्त होंडा एसपी-125 मोटरसाइकिल (जिसका निबंधन संख्या-बीआर-10एवाई-1051) बरामद की।
इसके बाद कंपनी की ओर से शंभु कुमार शर्मा के विरुद्ध बलबड्डा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कार्रवाई में मेहरमा प्रभाग की पुलिस निरीक्षक रूबी मिन्ज, बलबड्डा थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह,मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर, बलबड्डा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक मुक्तेश्वर राम तथा बलबड्डा थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
