Godda Homeopathic College की मान्यता बहाल, छात्रों ने ली राहत की सांस; नए सत्र में नामांकन का रास्ता साफ
Godda के राजकीय होम्योपैथिक महाविद्यालय एवं अस्पताल की मान्यता बहाल कर दी गई है। राष्ट्रीय होम्योपैथिक आयोग के फैसले से अब नए सत्र में 63 छात्रों का नामांकन हो सकेगा।

Godda Homeopathic College और प्राचार्य ड़ा अशोक पासवान। (फाइल फोटो)
विधु विनाेद, गोड्डा। राष्ट्रीय होम्योपैथिक आयोग (NCH) के मेडिकल एसेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड ने गोड्डा के परसपानी स्थित राजकीय होम्योपैथिक महाविद्यालय एवं अस्पताल की मान्यता का बहाल करने का आदेश जारी कर दिया है। यहां अब नए सत्र में एचएमएस कोर्स के लिए 63 अभ्यर्थियों के नामांकन का रास्ता साफ हो गया है।
कालेज के प्राचार्य को इस निमित एनसीएच के मेडिकल एसेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड की ओर से पत्र भेजा गया है। प्राचार्य ड़ा अशोक पासवान ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि एनसीएच ने कालेज की मान्यता बहाल करने के राज्य सरकार की अपील पर सुनवाई के बाद हरी झंडी दे दी है।
इससे कालेज प्रबंधन सहित यहां अध्ययनरत छात्र-छात्रओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। एनसीएच की ओर से मान्यता बहाली दिए जाने के बाद नीट यूजी के अभ्यर्थियों के लिए काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। नए सत्र 2026- 27 के लिए बीएसएम कोर्स में यहां 63 सीटों पर नामांकन की अनुमति दे दी गई है।
बता दें कि गोड्डा के परसपानी स्थित राजकीय होम्योपैथिक कालेज व अस्पताल की जांच के लिए राष्ट्रीय होम्योपैधिक (एनसीएच) की तीन सदस्यीय टीम आई थी। इसके बाद टीम की जांच रिपोर्ट नई दिल्ली ने वर्चुअल संवाद कर पूरे मामले की सुनवाई की।
इसमें मानकों पर खरा नहीं उतरने पर राजकीय होम्योपैविक कालेज में नए सत्र में नामांकन पर रोक लगा दी गई थी। एनसीएच के होम्योपैथी चिकित्सा आकलन और रेटिंग चेयरमैन डा तारकेश्वर जैन ने इस आशय का पत्र कालेज के प्राचार्य भी भेजा था।
इसमें कालेज प्रबंधन को उक्त निर्णय के खिलाफ 30 दिनों के अंदर राज्य सरकार की ओर से अपील दायर करने का समय दिया गया था। बीते 20 जुलाई को राज्य सरकार की ओर से शपथ पत्र देकर अपील दायर की गई। अपील वाद पर सुनवाई करते मेडिकल एसेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड ने गोड्डा के परसपानी स्थित राजकीय होम्योपैथिक महाविद्यालय एवं अस्पताल की मान्यता का बहाल करने का आदेश जारी कर दिया है।
इधर राज्य सरकार की ओर से कहा गया है कि आने वाले तीन महीने में कालेज की सभी कमियों को कमी दूर कर दी जाएगी। इसका शपथ पत्र देकर एनसीएच को अपील दायर की गई थी।
जनप्रतिनिधियों की पहल से आया फलाफल
एनसीएच की ओर से गोड्डा के परसपानी स्थित राजकीय होम्योपैथिक महाविद्यालय एवं अस्पताल की मान्यता रद किए जाने के बाद जन प्रतिनिधियों की ओर से इस मामले में लगातार पहल की गई। सबसे पहले सीएलपी लीडर सह पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव ने इस मामले को सीएम हेमंत सोरेन के संज्ञान में लाया गया।
सीएम ने इस त्वरित पहल की। वहीं कालांतर में गोड्डा विधायक सह श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव ने स्वास्थ्य मंत्री डा इरफान अंसारी सहित विभागीय सचिव के साथ बैठक कर गोड्डा के परसपानी स्थित राजकीय होम्योपैथिक महाविद्यालय एवं अस्पताल की मान्यता बहाल कराने के लिए तत्काल कदम उठाने का निर्णय लिया।
इसके आलोक में राज्य सरकार की ओर से एनसीएच को मान्यता बहाली के लिए समय पर अपील दायर की गई।
एनसीएच की ओर से राजकीय होम्योपैथिक महाविद्यालय की मान्यता बहाल कर दी गई है। अब यहां बीएचएमएस में नए सत्र में 63 अभ्यर्थियों के नामांकन का रास्ता साफ हाे गया है। बीते एक माह से इस दिशा में कालेज प्रबंधन, जिला प्रशासन सहित जन प्रतिनिधियों का प्रयास रंग लाया है। आने वाले दिनों में कालेज की मान्यता स्थाई रूप से बहाल करने के लिए मानकों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
