दूसरों की हिफाजत करने वाले खुद असुरक्षित, गोड्डा के बसंतराय थाने की जर्जर इमारत दे रही हादसों को न्योता
गोड्डा के बसंतराय थाना परिसर और पुलिस आवास वर्षों से जर्जर स्थिति में हैं, जिससे पुलिसकर्मी अपनी सुरक्षा को लेकर ...और पढ़ें

गोड्डा के बसंतराय थाने की जर्जर इमारत दे रही हादसों को न्योता
HighLights
बसंतराय थाना परिसर की इमारत वर्षों से जर्जर।
पुलिसकर्मी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते हैं।
छत से पानी का रिसाव, दीवारें दरक रहीं।
संवाद सहयोगी, बसंतराय (गोड्डा)। बसंतराय थाना परिसर और पुलिस आवास की स्थिति वर्षों से जर्जर है। टूटी छत, दरकती दीवारें और हर पल गिरते मलबे के डर के बीच रहने वाले पुलिस कर्मियों की परेशानी समझी जा सकती है। जी हां, यह सच्चाई है बसंतराय थाना की। यहां पुलिस पदाधिकारी दूसरे की हिफाजत से ज्यादा अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते हैं।
पता नहीं कब छत का मलबा मौत बनकर आ जाए। सरकारी दावों की चमक के बीच जर्जर थाना भवन सिस्टम की हकीकत उजागर कर रहा है। जिले का बसंतराय थाना इन दिनों बदहाली और लापरवाही का प्रतीक बन चुका है। यह थाना झारखंड-बिहार की सीमा पर अवस्थित है।
बरसात के दिनों में छत से पानी का रिसाव
बसंतराय थाना क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के लोगों की सुरक्षा की जिम्मेवारी इस पर है लेकिन इसे विडंबना कहिए कि यहां पुलिस खुद अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित है। वर्तमान समय में बसंतराय थाना को अपना भवन नहीं है। टूटे फूटे भवनों में यहां के पुलिस पदाधिकारी रहने हैं।
जर्जर थाना भवन के कारण पुलिस पदाधिकारी प्रखंड सह अंचल भवन में रहते हैं। लेकिन पुलिस कर्मी आज भी जर्जर थाना भवन में रहते हैं। जहां कभी भी छत गिर सकती है और दीवारों की दरारें बताती है कि यहां सुरक्षा भगवान भरोसे है। बरसात के दिनों में छत से पानी का रिसाव होता है।
बसंतराय इलाका काफी संवेदनशील
बसंतराय थाना का भोगौलिक क्षेत्रफल करीब 55 वर्ग किमी है जिसके पश्चिम दिशा में बिहार की सीमा है जबकि उत्तर दिशा में महागामा थाना की सीमा है। दक्षिण दिशा पथरगामा थाना क्षेत्र का है जबकि पूरब दिशा गोड्डा सदर प्रखंड की सीमा है। सुरक्षा की दृष्टिकोण से बसंतराय इलाका काफी संवेदनशील रहा है।
बसंतराय थाना भवन को लेकर सरकार की लापरवाही पूरी व्यवस्था पर सवाल उठा रही है। आखिर कब तक ऐसे जर्जर भवन से इलाके की सुरक्षा संभव है।
बसंतराय थाना भवन के निर्माण के लिए जमीन की उपलब्धता नहीं होने के कारण निर्माण कार्य चालू नहीं हो सका है। वरीय पुलिस पदाधिकारी के संज्ञान में पूरा मामला है। बहुत जल्द भवन बन कर तैयार होगा। - रामदेव वर्मा, थाना प्रभारी, बसंतराय।
