40 घंटे बाद कझिया नदी से निकाला गया शिक्षक का शव
शव खोजने में ग्रामीणों के साथ विधायक सीओ थानेदार भी जुटे रहे
संवाद सहयोगी, गोड्डा: मुफस्सिल थाना अंतर्गत दियारा ग्राम निवासी शिक्षक जयकृष्ण सिंह का शव गुरुवार सुबह कझिया नदी के कुरमा घाट के पास से बरामद किया गया। मंगलवार की देर शाम चकेश्वरी घाट से दियारा आने के क्रम में जयकृष्ण सिंह नदी की तेज धारा में बह गए थे। करीब 40 घंटे की खोजबीन के बाद दियारा गांव से एक किमी दूर कुरमा घाट के पास से शव को बरामद किया गया।
गुरुवार को ग्रामीणों के साथ गोड्डा विधायक अमित मंडल, सदर अंचलाधिकारी प्रदीप कुमार शुक्ला एवं थाना प्रभारी बलिराम राउत कझिया नदी के चकेश्वरी घाट के पास सुबह से ही शव की तलाश में जुट गए थे। इस दौरान ग्रामीणों ने आशंका जाहिर की कि कुरमा घाट के पास निर्मित चेकडैम के आसपास शव फंसा हो सकता है। इसके बाद अंचलाधिकारी व थाना प्रभारी सहित ग्रामीणों व परिजनों ने कुरमा घाट जाकर खोजबीन शुरू की। कुरमा घाट के पास ग्रामीणों ने शव को देखा। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जुट गए थे। परिजनों ने शव की पहचान की।
अधिकारियों की मौजूदगी में शव को नदी से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जयकृष्ण सिंह के चेहरे पर गहरा जख्म था। शव मिलने कि सूचना पर मृतक के घर में कोहराम मच गया। पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। जयकृष्ण सिंह की परिवार के कमाऊ सदस्य थे। प्राइवेट स्कूल में शिक्षक और ट्यूशन पढ़ाकर जीवनयापन कर रहे थे।
विधायक अमित मंडल ने दी सांत्वना
विधायक अमित कुमार मंडल भी कझिया नदी के कुरमा घाट पैदल पहुंच गए थे। उन्होंने अंचलाधिकारी को पीड़ित परिवार को सहायता मुहैया कराने का निर्देश दिया। विधायक ने पीड़ित परिवार को आवास, पेंशन सहित आपदा के तहत सरकारी सहायता राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। विधायक ने कहा कि सरकार के स्तर से भी पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाया जाएगा। तत्काल 50 किलो अनाज व दस हजार रुपये दाह संस्कार के लिए दिये। विधायक ने मृतक के परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार झा, परू्व मुखिया हीरालाल पासवान, उपमुखिया अवधेश सिंह, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष जयशंकर सिंह सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
सांसद मिलेंगे पीड़ित परिवार से
दियारा गांव के जयकृष्ण सिंह की मौत से मर्माहत समाजसेवी संतोष कुमार सिंह ने तत्काल पीड़ित परिवार को दस हजार रूपया की सहायता राशि उपलब्ध कराई है। संतोष सिंह के पिता विमल सिंह ने पीड़ित परिवार को सहायता राशि दी। संतोष सिंह ने कहा कि घटना से वे काफी दुखी हैं। कहा कि सांसद निशिकांत दुबे भी दियारा गांव आकर पीड़ित परिवार को सहायता उपलब्ध कराएंगे। पूरी घटना से सांसद को अवगत करा दिया गया है। पूर्व विधायक अस्पताल पहुंचे
गोड्डा के पूर्व राजद विधायक संजय प्रसाद यादव ने दियारा के जयकृष्ण सिंह की मौत की खबर सुनकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां शव को पोस्टमार्टम के लिए लाया गया था। संजय यादव ने घटना को दुखद बताया। कहा कि सरकार इसके लिए दोषी है। वहां अगर पुल बन गया होता तो यह हादसा नहीं होता। उन्होंने पीड़ित परिवार को अविलंब मुआवजा देने की मांग सरकार से की।