गोड्डा में नाबालिग से दुराचार, आरोपित को जेल
जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत मोतिया ओपी क्षेत्र में एक नाबालिग से दुष्कर्म की घटना सामने आई है। इस बाबत मोतिया ओपी की पुलिस ने खटनई गांव
जागरण टीम, गोड्डा : जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत मोतिया ओपी क्षेत्र में एक नाबालिग से दुष्कर्म की घटना सामने आई है। इस बाबत मोतिया ओपी की पुलिस ने खटनई गांव निवासी 36 वर्षीय मो. साकिब को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई पीड़िता के पिता की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी के बाद की। वहीं पीड़िता की मेडिकल जांच भी कराई गई है।
पीड़िता के परिजन ने पुलिस को बताया कि लड़की मंगलवार की देर शाम घर से बाहर खेत की ओर शौच के लिए निकली थी, जहां पूर्व से घात लगाए खटनई गांव निवासी मो. साकिब बैठा ठा। उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। इस बात की जानकारी पीड़िता ने अपनी भाभी को घर में आकर दी। इसके बाद मामला उजागर हुआ। उक्त मामले में आरोपित को बचाने के लिए गांव में दो दिन पंचायत भी बैठी, आरोपित खुद को बेकसूर बताता रहा। गुरुवार को प्राथमिकी दर्ज होने के बाद इसकी पड़ताल पुलिस ने शुरू की। पुलिस ने महादेवटीकर स्थित एक आवास में छापेमारी कर आरोपित साकिब को गिरफ्तार किया और जांच पड़ताल के बाद उसे जेल भेज दिया।
नहीं थम रही दुष्कर्म की घटना : गोड्डा जिले में बीते एक माह के दौरान ही दुष्कर्म की एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हुए हैं। इसमें से अधिकांश मामले में पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया है। बीते सात सितंबर को सदर प्रखंड में सत्संग आश्रम में एक साध्वी के साथ चार युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। इसमें चारों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं इससे एक दिन पूर्व सात सितंबर को मेहरमा में एक मूक बधिर किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। जबकि सितंबर माह में ही ललमटिया क्षेत्र में एक विधवा महिला को पांच युवकों ने अपने हवस का शिकार बनाया। फिर बीते 21 सितंबर को ललमटिया के ही सिदो कान्हू सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के प्राचार्य पर एक छात्रा ने छेड़खानी का आरोप लगाया। प्राचार्य अभी जेल में हैं। वहीं सुंदरपहाड़ी में बीते सप्ताह पहाड़िया आदिवासी किशोरी के साथ दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। इससे पहले भी वहां हटिया से लौट रही एक युवती के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। हालांकि अमूमन सभी मामलों में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपितों को सलाखों के पीछे धकेलने में कोई कसर नहीं छोड़ी। लेकिन अपराध का सिलसिला भी जारी है।
वर्जन : मोतिया ओपी की घटना को लेकर दर्ज प्राथमिकी के बाद आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं पीड़िता की मेडिकल जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अरविद कुमार सिंह, एसडीपीओ, गोड्डा