शिक्षा के तह तक पहुंची भ्रष्टाचार की आग
हनवारा : पंजीयन रसीद नहीं आने सहित विभिन्न मांगों को लेकर मिल्लत महाविद्यालय परसा के छात्र-छात्राओं
हनवारा : पंजीयन रसीद नहीं आने सहित विभिन्न मांगों को लेकर मिल्लत महाविद्यालय परसा के छात्र-छात्राओं ने बुधवार को प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। इसका नेतृत्व मिल्लत कॉलेज परसा छात्र संघ के अध्यक्ष अफरोज अंसारी ने किया। कॉलेज के करीब दर्जनों छात्र ने हिस्सा लिया। छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि कॉलेज में भ्रष्टाचार की जड़ काफी तह तक चली गई है। कॉलेज प्रबंधन का छात्रों के साथ अच्छा बर्ताव नहीं है जिस कारण कर्मचारी एवं शिक्षक परेशान हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कॉलेज प्रबंधन की मनमानी अब चलने नहीं देंगे। इंटर में भी कई छात्र छात्राओं के विषय में गड़बड़ी कर दी गई। कई छात्राओं की पंजीयन रसीद अबतक नहीं आई है। इसकी जानकारी जब महाविद्यालय के प्राचार्य एवं कर्मचारियों को दी गई तो उन्होंने कोई सुध नहीं ली। तब छात्रों ने आंदोलन का बिगुल फूंका। करीब 11 बजे से ही महाविद्यालय में छात्रों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया। छात्र संघ के अध्यक्ष मो. अफरोज अंसारी में कहा कि कॉलेज प्रबंधन मनमानी करना चाहता है। सभी कर्मचारी एवं शिक्षकों का मनोबल प्राचार्य ने बढ़ा कर रखा है। सबसे अधिक दबंगई स्थानीय कर्मचारियों द्वारा की जाती है। छात्रों के साथ जानवरों जैसा सुलूक किया जाता है। कई दबंग कर्मचारियों का तबादला करने की मांग भी कुलपति से की गई। कर्मचारियों के तबादला की सूचना भी निकाली जा चुकी है लेकिन कुछ बिचौलियों की वजह से उसे दबाकर रखा गया है। जब तक स्थानीय कर्मचारियों एवं शिक्षकों का तबादला नहीं किया जाता है तब तक भ्रष्टाचार कॉलेज पर हावी रहेगा। कहा कि नए भवन निर्माण में भी लापरवाही बरती जा रही है। चिमनी ईंट के बदले लोकल ईंट का उपयोग किया जा रहा है। इससे साफ जाहिर होता है कि राशि की बंदरबांट की जा रही है। मौके पर मुन्ना राजा, राजा बाबू, नवाब, हजरत अली, शाहजहां, सोहेल अंसारी, अमर कुमार ठाकुर, फातिमा प्रवीण राकेश, राजेश आदि कई छात्र एवं छात्राएं उपस्थित थे।