तालझारी गांव के दर्जनों गरीब आदिवासी को पक्का आवास की आस
ललमटिया बोआरीजोर प्रखंड क्षेत्र के तालझारी गांव के दर्जनों आदिवासी परिवार फूस की झोपड़
ललमटिया : बोआरीजोर प्रखंड क्षेत्र के तालझारी गांव के दर्जनों आदिवासी परिवार फूस की झोपड़ी में रहने के लिए मजबूर हैं। बरसात के दिनों में फूस की छप्पर से पानी चुने से घर में रहना मुश्किल हो जा रहा है। वर्षा के पानी से घर का सामान भी खराब हो जाता है। तालझारी गांव के रस्का मुर्मू तालाकुड़ी हेंब्रम, बेटाराम मुर्मू, चुनका मुर्मू, प्रेमलाल मुर्मू, रामजी माल, गुलाबी मुर्मू, छोटा राजा मुर्मू , कुसमी देवी आदि ने बताया कि तालझारी गांव से हम लोगों ने करीब 35 परिवार का प्रधानमंत्री आवास के लिए एक वर्ष पूर्व ही पंजीकरण कराया था। यहां तक की सभी लाभुकों का जियो टैग भी हो चुका था, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी आदिवासी लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला है। ग्रामीण बताते हैं कि प्रखंड प्रशासन से पूछे जाने पर अधिकारी कहते है कि आवास का सैंक्शन के लिए जिला प्रशासन को भेजा गया है। ग्रामीणों ने बताया कि तालझारी गांव के अलावा दूसरे गांव में प्रधानमंत्री आवास का लाभ लोगों को मिल रहा है। लेकिन तालझारी गांव में एक वर्ष बीतने के बाद भी किसी लाभुक को आवास योजना का लाभ नही मिला है। ग्रामीणों ने प्रखंड प्रशासन एवं जिला प्रशासन से प्रधानमंत्री आवास के योग्य लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास मुहैया कराने की मांग की है।