चुनावी पाठशाला में मतदान प्रक्रिया से कराया अवगत
ठाकुरगंगटी ठाकुरगंगटी प्रखंड के बीईईओ विद्यानंद मुर्मू जनसेवक राजीव साह पंचायत सेवक
ठाकुरगंगटी : ठाकुरगंगटी प्रखंड के बीईईओ विद्यानंद मुर्मू, जनसेवक राजीव साह, पंचायत सेवक गंगा राम साह आदि ने चुनावी पाठशाला लगाकर मतदाताओं को मतदान संबंधी जानकारी विस्तार से दी। वीवीपैट मशीन के बारे में लोगों को तकनीकी जानकारी दी गई। कहा कि मतदाताओं की ओर से किए गए मतदान की जांच के लिए वीवीपैट मशीन लगाई जा रही है। ताकि कोई भी मतदाता ईवीएम में दिए वोट की जांच कर सकता है। वोट देने के बाद सात सेकेंड के लिए लिए वीवीपैट मशीन की स्क्रीन में यह दिखाई देगा। ईवीएम मशीन में किसी प्रकार की गड़बड़ी होने पर मतदान पदाधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट व मजिस्ट्रेट तुरंत हरकत में आएंगे। 30 मिनट से अधिक समय तक मतदान कार्य बाधित होने पर मतदान निरस्त कर पुन: मतदान कराया जाएगा। वहीं प्रखंड कार्यालय से प्रखंड आपूíत पदाधिकारी राजेश कुमार व प्रभारी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी दिलान कुमार हांसदा, प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी आनंद रंजन झा की अगुवाई में जनवितरण दुकानदारों ने मतदाता जगरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से मिस्त्र गंगटी मार्ग, ठाकुर गंगटी, चमरू कापरी, गंगटी हरिपुर, बहरमल, मंझकोला, रुंजीमार्ग आदि गांवों में मतदाताओं को जागरूक किया गया। रैली के दौरान समझाया गया कि एक-एक वोट कीमती है। सारे काम छोड़ दो सबसे पहले वोट दो, चाहे नर हो या नारी मतदान करना सबकी जिम्मेदारी, लोकतंत्र का सम्मान करेंगे निर्भीक होकर मतदान करेंगे, न जाति पर न धर्म पर बटन दबेगा कर्म पर, आओ मिलकर अलख जगाएं सब मिलकर मतदान कराएं, बनो देश के भाग्य विधाता अब तो जागो प्यारे मतदाता, नहीं करेंगे आदि नारा लगाया। मौके पर अजित कुमार झा, निरंजन सिंह, नन्दकिशोर भारती, सीताराम साह, सुबोध यादव, सुनील मण्डल, उत्तम शर्मा, संजय ठाकुर, जगदीश साह, विनोद भगत, रामाकांत शुक्ला सहित अन्य उपस्थित थे।