शहर के छठ घाटों पर सफाई व रोशनी की होगी पुख्ता व्यवस्था
उपविकास आयुक्त ने छठ घाटों का किया निरीक्षण
गोड्डा : जिला मुख्यालय में आगामी छठ महापर्व को लेकर नगर परिषद की ओर से छठ घाटों की साफ-सफाई की शुरू कर दी गयी है। शहर के शिवगंगा, मूर्लस टैंक, गोढ़ी, गांधीनगर, राजकहचरी सरोवर सहित कझिया नदी तट, रौतारा चौक पर भारी संख्या में श्रद्धालु छठ डाला लेकर आते है। इसके अलावा भी शहर में नगर चौक सहित कई तालाब में छठ डाला लेकर श्रद्धालु आते हैं। रविवार को जिला के उपविकास आयुक्त सुनील कुमार, नगर परिषद के अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी राजीव कुमार मिश्रा ने छठ घाटों का जायजा लिया। उपविकास आयुक्त ने छठ घाटों को देखा। इसके साथ ही कझिया नदी पुल तट घाट रौतारा चौक भी पहुंचे। जहां उन्होंने नदी तट घाट को देखा। इस दौरान उन्होंने नगर परिषद को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। कहा कि लोक आस्था का महापर्व छठ है जहां सभी छठ घाटों से बेहतर ढंग से साफ-सफाई होनी चाहिए इसके साथ ही यह भी ध्यान रहे पूरे तरह क्षेत्र प्लास्टिक मुक्त रहे। कहा कि प्रशासन के स्तर से भी सहयोग की कमी नहीं रहेगी। नगर परिषद अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार ने कहा छठ महापर्व को लेकर घाटों की सफाई शुरू कर दी गयी है। शिवगंगा में सफाई कार्य शुरू हो चुका है। जबकि अन्य सरोवर में भी जल्द ही काम शुरू हो जायेगा। साफ-सफाई व रौशनी कि व्यवस्था दुरूस्त रहेगी। इसके साथ ही प्लास्टिक मुक्त रहेगा। अध्यक्ष ने कहा कि कझिया नदी पूल तट घाट में पहले रास्ता बनाने का काम शुरू किया जायेगा दीपावली के बाद घाट बनाने के काम को पूरा कर लिया जायेगा। इसके साथ ही शहर में इन दिनों स्ट्रीट लाइट लगाने का काम भी शुरू हो चुका है। जो पर्व के पहले तक लग जायेंगे। कझिया नदी पूल शहर के प्रवेश द्वार पर भी स्ट्रीट लाइट लगाये जायेंगे। मौके पर नगर परिषद के कर्मी भाष्कर कुमार भी मौजूद थे।