बाराहाट ईशीपुर में दो युवतियों का शव मिलने से सनसनी
संवाद सहयोगी, मेहरमा: बाराहाट ईशीपुर में शनिवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में अलग-अलग जगह दो युवतियों के शव मिले हैं।
संवाद सहयोगी, मेहरमा: बाराहाट ईशीपुर में शनिवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में अलग-अलग स्थानों पर दो युवतियों के शव मिले हैं। पहला शव कल्पना देवी (25) का है जो प्रखंड कार्यालय के समीप प्रफुल्लो हाट के बटेश्वर गंगा पंप नहर के पास मिला। दूसरा शव गीता देवी (40) का योगी वीर पहाड़ी के एक कुआं में पाया गया। ईशीपुर पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम को भेजा है।
बताते हैं कि अधिवक्ता नवीन पासवान की पत्नी कल्पना देवी का मायका ईशीपुर-बाराहाट पंचायत के बदलूगंज में है। उनके दो बेटे हैं। जबकि गीता देवी का मायका भी ईशीपुर बाराहाट में है। वहां उसका आना जाना होता था। गीता देवी के एक पुत्र तथा दो पुत्री हैं। दोनों पुत्री की शादी उत्तर प्रदेश में हुई है। पुत्र कन्हैया रविदास एक साल से लापता है। पति नरेश रविदास दिव्यांग है, जो पंजाब में मजदूरी करता है। गीता मंदबुद्धि भी थी। दोनों की मौत कैसे हुई और वे घटनास्थल पर कैसे पहुंचीं, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एक ही दिन दो शव मिलने से सनसनी
एक ही दिन अलग-अलग स्थानों से दो युवतियों का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी है। लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। दोनों के परिजनों व स्थानीय लोगों से भी पुलिस ने पूछताछ की है।
एक माह पहले भी मिला था कुआं से युवती का शव:
एक माह पूर्व भी बाराहाट बाजार के आनंद मार्ग स्कूल के निकट शिव मंदिर परिसर के कुआं से एक युवती का शव मिला था। उसी हत्या कर दी गई थी। हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया था। बावजूद अब तक हत्यारों का पता पुलिस नहीं लगा सकी।
---------
कुआं का पानी पीने से कर रहे लोग परहेज :
मेहरमा: योगीवीर पहाड़ी के समीप स्थित कुआं के पानी से क्षेत्र के अनेक लोगों के घर का चूल्हा जलता था। मान्यता है कि इस कुआं का पानी के नियमित सेवन करने से स्वास्थ्य लाभ होता है। मेहरमा, फिरोजपुर, ¨सघाड़ी, बोरमा गांव के दर्जनों बेरोजगारों इस कुआं का पानी बेचकर अपने परिवार का भरण पोषण भी करते हैं। लेकिन कुआं में शव मिलने से कुएं का पानी पीने से लोग परहेज कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर दोषी पर कार्रवाई की मांग प्रशासन से की है।