एक ही व्यक्ति कई शैक्षिक संस्थाओं में कार्यरत !
बसंतराय : मौलाना अबुल कलाम आजाद इंटर कॉलेज बसंतराय के बारे में हर रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं। ताजा
बसंतराय : मौलाना अबुल कलाम आजाद इंटर कॉलेज बसंतराय के बारे में हर रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं। ताजा मामला एक ही व्यक्ति के कई शैक्षिक संस्थाओं में कार्यरत रहने का सामने आया है। बताया जाता है कि सरकारी राशि को हड़पने के लिए एक ही आदमी को चार जगहों पर कार्यरत दिखाया गया है। वैसे कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रुस्तम अली इससे इन्कार करते हैं। हालांकि, मामले के संबंध में वे स्पष्ट रूप से कुछ भी नहीं बता पाते हैं। सूचना अधिकार के तहत मांगी गई एक सूचना से खुलासा हुआ है कि प्राचार्य डॉ. रुस्तम अली के भाई अहमद हुसैन की नियुक्ति चार अक्टूबर 2002 को मौलाना अबुल कलाम आजाद उच्च विद्यालय परसिया में अरबी के सहायक शिक्षक के रूप में हुई। यहां उनकी जन्मतिथि 15 जनवरी 1971 दिखाई गई। सात अक्टूबर 2003 में उनकी नियुक्ति मौलाना अबुल कलाम आजाद इंटर कॉलेज में दिखाई गई है। यहां भी अरबी के शिक्षक के रूप में उनकी नियुक्ति हुई। हालांकि यहां उनकी जन्मतिथि दो जनवरी 1971 दिखाई गई। मौलाना अबुल कलाम आजाद उच्च विद्यालय परसिया के प्रधानाध्यापक द्वारा दी गई एक सूची के अनुसार मो. अहमद हुसैन स्कूल में आदेशपाल हैं। यहां उनकी नियुक्ति 25 मई 2006 दिखाई गई है। हालांकि यहां जन्मतिथि भी 10 अक्टूबर 80 दर्ज है। यही नहीं मोहम्मद अहमद हुसैन मदरसा कमरुल इस्लाम कोरियानहात बसंतराय में तीन वर्ष पूर्व प्रधान मौलवी बने जहां उनकी जन्म तिथि 1 जनवरी 1972 दिखाई गई है। लोगों का कहना है कि सभी संस्थाएं डॉ. रुस्तम अली की पाकेट संस्था है। इस वजह से अपने भाइयों, पुत्रों व अन्य रिश्तेदारों को जरूरत के अनुसार एडजस्ट करते रहते हैं।