30103 मतदाता चुनेंगे शहर की सरकार
गोड्डा : अगले माह में होने वाले नगर निकाय चुनाव की तैयारी प्रशासन ने शुरू कर दी है। नगर
गोड्डा : अगले माह में होने वाले नगर निकाय चुनाव की तैयारी प्रशासन ने शुरू कर दी है। नगर परिषद चुनाव में कुल 21 वार्डो के 30103 मतदाता अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व वार्ड पार्षद के भविष्य का फैसला करेंगे। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन जिला पंचायती राज विभाग ने पहले ही कर दिया है। महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से कम है। जिला पंचायती राज कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर परिषद क्षेत्र में 16178 पुरुष जबकि 13925 महिला मतदाता हैं। चुनाव के लिए सभी 21 वार्डों में कुल 36 बूथ बनाए गए हैं। सबसे ज्यादा 1367 मतदाता 32 नंबर बूथ पर हैं। सबसे कम 344 मतदाता 33 नंबर बूथ पर हैं।
कई मतदाताओं के मतदान केंद्र बदले :
मतदाताओं की संख्या में वृद्धि के चलते कई मतदाताओं के मतदान केंद्र भी बदल गए हैं। कई नए मतदान केंद्र भी बनाए गये हैं। विभाग ने सभी मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश सभी बूथ लेवल पदाधिकारी (बीएलओ) को दे दिया है। चुनाव के लिए उपायुक्त द्वारा कुल 12 कोषांग का भी गठन किया जा चुका है। इनमें निर्वाचन कोषांग, ईवीएम सह मतपत्र कोषांग, मतदान सामग्री कोषांग, वाहन कोषांग, विधि व्यवस्था सह आदर्श आचार संहिता कोषांग, प्रेक्षक कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, जिला मीडिया- हेल्पलाइन कोषांग, निर्वाचन व्यय अनुश्रवण कोषांग, सूचना तकनीकी कोषांग, नियंत्रण कक्ष एवं नगरपालिका निर्वाचन कोषांग शामिल है। सभी कोषांगों के लिए अलग-अलग पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
वर्जन ::
नगर परिषद चुनाव की तैयारी विभाग ने शुरू कर दी है। कुल 30103 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। निर्वाचन के लिए अलग - अलग कोषांग का गठन किया गया है, जो इससे संबंधित कार्यों का निष्पादन कर रही है।
- फुलेश्वर मुर्मू, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, गोड्डा