नक्सलियों से मुठभेड़ को ग्रामीणों ने बताया फर्जी
संस, पीरटांड़ (गिरिडीह): कुबरी जंगल में शनिवार को पुलिस की नक्सलियों के साथ हुई मुठभ
संस, पीरटांड़ (गिरिडीह): कुबरी जंगल में शनिवार को पुलिस की नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ को स्थानीय लोगों ने फर्जी करार दिया है। ग्रामीणों ने रविवार को छछंदो पंचायत की मुखिया रूपानी देवी के नेतृत्व में बैठक कर मुठभेड़ की बात को सिरे से खारिज कर दिया है। साथ ही प्रशासन पर क्षेत्र को बदनाम करने का आरोप लगाया।
बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन उनके क्षेत्र को बेवजह बदनाम कर रहा है। इसे लेकर अब सभी को जागरूक होने की जरूरत है। इसके लिए उच्च अधिकारियों से शिकायत की जाएगी। मुखिया के अलावा वार्ड सदस्य नुनिया देवी, मांझी हड़ाम बुधन सोरेन, सोमवारा मुर्मू, बजर किस्कू, मंगरू सोरेन आदि ने बताया कि इस गांव में सोहराय पर्व का जश्न था। गांव को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। बरदखुट्टा में कार्यक्रम भी था। इस वजह से बैल को भड़काने के लिए पटाखे छोड़े जा रहे थे। इसी आवाज पर पुलिस पहुंची और यहां मुठभेड़ होने की बात कहने लगी। मुखिया ने बताया कि इस आरोप पर वह भी आई और पुलिस के कहने के अनुसार सभी के घरों की भी जांच की गई। पटाखा भी पुलिस को दिखाया गया, फिर भी अखबारों में मुठभेड़ की खबर आई जिससे यह गांव बदनाम हो गया है। बताया कि इस मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
बता दें कि शनिवार सुबह कुबरी में मुठभेड़ होने की खबर आग की तरह फैल गई थी। पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील था। कुछ इलाकों से बंकर मिलने की भी सूचना है, जिसे पुलिस ने ध्वस्त कर दिया। टीम का नेतृत्व एसपी सुरेंद्र झा व एएसपी दीपक कुमार सहित कई वरीय अधिकारी कर रहे थे।