कमरे में फंदे से लटकता मिला युवक का शव
संवाद सहयोगी, देवरी (गिरिडीह): थाना क्षेत्र के खोजारटोल गांव निवासी अयोध्या महथा का शव उसके
संवाद सहयोगी, देवरी (गिरिडीह): थाना क्षेत्र के खोजारटोल गांव निवासी अयोध्या महथा का शव उसके घर में फंदे से लटकता मिला। रविवार की रात ही परिजनों ने कमरे में शव पंखे से लटकता देखा। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जाता है कि रविवार देर रात अयोध्या खाना खाकर कमरे में सो गया था। रात 10 बजे उसकी पुत्रवधु आरती देवी जब कमरे के सामने से गुजरी तो शव को फंदे से लटकता देखा। शोर सुनकर स्थानीय लोग मौके पर जुटे। इसके बाद देवरी थाना के एएसआइ धंजीव कुमार ¨सह को मामले की सूचना दी गई। उन्होंने रात में ही दरवाजे की कुंडी तोड़कर शव को कब्जे में ले लिया। परिजन मामले को आत्महत्या बता रहे हैं। हालांकि घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। परिजनों के मुताबिक, वह पिछले कुछ दिनों से तनाव में था।
एक वर्ष पूर्व मंझले भाई ने लगाई थी फांसी: ग्रामीणों ने बताया कि अयोध्या के मंझले भाई कामदेव महथा ने भी बीते वर्ष 14 अक्टूबर को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। एक वर्ष के अंदर दो भाइयों की मौत से तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। बताया जाता है कि कर्ज में डूबे होने के कारण कामदेव ने आत्महत्या कर ली थी।
पुत्र के आवेदन पर दर्ज किया गया यूडी केस: थाना प्रभारी उत्तम कुमार उपाध्याय ने बताया कि मृतक के पुत्र गौतम चौधरी ने थाने में आवेदन देकर कहा है कि पिछले कुछ दिनों से उसके पिता काफी तनाव में रहते थे। इस आधार पर देवरी थाने में यूडी केस दर्ज किया गया।