VB G RAM G Yojna से ग्रामीण रोजगार व आजीविका को मिलेगी मजबूती, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर उपायुक्त ने दिया जोर
गिरिडीह में ग्रामीण रोजगार और आजीविका को मजबूत करने के लिए वीबी-जी राम जी अधिनियम पर जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित ...और पढ़ें

विकसित भारत गारंटी फार रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण।
HighLights
वीबी-जी राम जी अधिनियम पर गिरिडीह में प्रशिक्षण आयोजित।
ग्रामीण रोजगार और आजीविका सुदृढ़ीकरण पर दिया गया जोर।
योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का निर्देश दिया गया।
जागरण संवाददाता, गिरिडीह। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों के विस्तार, आजीविका के सुदृढ़ीकरण तथा ग्रामीण विकास कार्यों को गति प्रदान करने के उद्देश्य से विकसित भारत गारंटी फार रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी-जी राम जी) अधिनियम को ले मंगलवार को डीसी कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।
इसमें वीबी-जी राम जी अधिनियम के उद्देश्यों, प्रमुख प्रविधानों, कार्यान्वयन की प्रक्रिया तथा विभिन्न स्तरों पर संबंधित पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की भूमिका के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक प्रशासनिक व तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
ग्रामीण विकास को गति देने में वीबी-जी राम जी महत्वपूर्ण पहल : डीसी
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि वीबी-जी राम जी ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार व आजीविका के अवसरों को सुदृढ़ करने के साथ-साथ ग्रामीण अधोसंरचना तथा विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अधिनियम के प्रविधानों और दिशा-निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित होगा, जब प्रखंड, पंचायत और ग्राम स्तर पर कार्यों की सही योजना, समयबद्ध क्रियान्वयन, गुणवत्तापूर्ण निष्पादन और नियमित अनुश्रवण हो। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों के चयन व क्रियान्वयन में निर्धारित प्रक्रिया का पूर्ण अनुपालन तथा पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाने का निर्देश दिया।
अंतर-विभागीय समन्वय, कार्यों की नियमित समीक्षा, अभिलेखों के उचित संधारण तथा जवाबदेही सुनिश्चित करने पर बल दिया। कहा कि जिला व प्रखंड स्तर के पदाधिकारी क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लें तथा आवश्यकता के अनुरूप त्वरित कार्रवाई करें।
प्राथमिकता के आधार पर करें कार्यों का चयन : डीडीसी
उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने कहा कि उक्त अधिनियम के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों, तकनीकी कर्मियों और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय व स्पष्ट उत्तरदायित्व आवश्यक है। पंचायत व ग्राम स्तर पर योजनाओं की आवश्यकता का आकलन करते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्यों का चयन करें।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता तथा समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। मौके पर सहायक समाहर्ता यश कुमार, परियोजना पदाधिकारी, सभी प्रमुख, सभी बीपीओ, एई, जेई, मुखिया सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे, जबकि सभी बीडीओ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
