महाराष्ट्र में ट्रैक्टर पलटने से बगोदर-विष्णुगढ़ के युवकों की मौत
संवाद सहयोगी, बगोदर (गिरिडीह): नौकरी की तलाश में 15 दिन पूर्व महाराष्ट्र गए बगोदर थाना क्षे
संवाद सहयोगी, बगोदर (गिरिडीह): नौकरी की तलाश में 15 दिन पूर्व महाराष्ट्र गए बगोदर थाना क्षेत्र के खेतको निवासी उदय कुमार महतो (26) व विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के अंचलजामो निवासी मनोज कुमार महतो (25) की मौत वहां एक हादसे में हो गई। शुक्रवार शाम महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में सुखमरा गांव के पास ट्रैक्टर पलटने से दोनों की मौत हो गई। उदय महतो के चचेरे भाई टेकलाल महतो ने बताया कि करगालो का ठेकेदार 15 दिन पूर्व टावर लाइन में काम करने के लिए उसे महाराष्ट्र ले गया था। शुक्रवार शाम टावर का सामान लेकर वे स्टोर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद उदय की पत्नी कौशल्या देवी, पुत्र सूरज (5 वर्ष) व उरज (3 वर्ष) समेत बूढ़े मां-बाप बेसहारा हो गए। रविवार शाम तक शवों के गांव पहुंचने की बात कही जा रही है।