लूटपाट मामले में दो गिरफ्तार, भेजे गए जेल
18 फरवरी की रात पडरमनिया निवासी शनिचर मंडल के घर में लूटपाट मामले में पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
संस, बिरनी (गिरिडीह): बीते 18 फरवरी की रात पडरमनिया निवासी शनिचर मंडल के घर में हुई लूटपाट मामले में पुलिस पुलिस ने अलग-अलग जगहों से दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र के सुल्तान गांव निवासी राजवल्लभ व चतरा सदर थाना क्षेत्र के आरुदाना गांव निवासी मलख कुमार उर्फ मलखा भारती उर्फ दिलीप को रविवार शाम को गिरफ्तार कर बिरनी थाना लाया गया।
मलखा के घर से पुलिस ने दो जोड़ा पैजाब, एक चांदी की सिकड़ी एवं दो सेट चेकदार पुलिस वर्दी बरामद की। पूछताछ के क्रम में लूटपाट करने व चतरोचट्टी में गत 1 मार्च की रात्रि को एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने की बात दोनों ने स्वीकार की। सरिया एसडीपीओ बिनोद कुमार महतो एवं बिरनी थाना प्रभारी एके मिश्रा ने सोमवार को प्रेसवार्ता कर इस संबंध में जानकारी दी।
खुद को उत्पाद विभाग का कर्मी बता दिया था घटना को अंजाम: बताया कि पडरमनियां में बीते 18 फरवरी की रात पुलिस की वर्दी पहनकर आए 8 -10 अपराधियों ने खुद को उत्पाद विभाग का पदाधिकारी व कर्मी बताकर गृहस्वामी शनिचर मंडल के यहां हथियार के बल पर लूटपाट की थी। नगदी समेत 50 हजार के जेवरात लूट लिये थे। अपराधियों ने बलिया पंचायत के सलयडीह में भी दरवाजा खुलवाकर लूटने का प्रयास किया था, लेकिन घर वालों के विरोध के कारण वे वहां से भाग निकले। गिरफ्तार आरोपितों से कुछ सामान भी बरामद किया गया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद केंद्रीय कारा भेज दिया गया।