फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, दहेज हत्या का आरोप
सरिया (गिरिडीह) ससुराल में एक महिला की संदेहास्पद हालात में मौत हो गई। मायके वालों ने
सरिया (गिरिडीह) : ससुराल में एक महिला की संदेहास्पद हालात में मौत हो गई। मायके वालों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना सरिया थाना क्षेत्र के दुर्गी गांव में शुक्रवार को हुई। मृतका थाना क्षेत्र के ही नावाडीह निवासी रमजान अंसारी की 20 वर्षीय पुत्री गुलशन खातून थी। घटना की सूचना पर सरिया के अवर निरीक्षक अमरजीत सिंह व बुद्धेश्वर सरदार मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
मृतका के चाचा सुलेमान अंसारी और भाई इमरान अंसारी ने बताया कि वर्ष 2017 में गुलशन की शादी दान दहेज देकर सलीम अंसारी के पुत्र कलीम अंसारी से की गई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही बाइक और पैसे की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।
इसके बाद एक बार फैसला भी हुआ, लेकिन वह लोग नहीं मानें और गुलशन की हत्या कर दी। वहीं मृतका के भाई ने बताया कि गांव के किसी व्यक्ति ने सूचना दी कि आपकी बेटी ने फांसी लगा ली है। जब वह लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि खाट पर शव पड़ा है। आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी है। घटना के बाद मृतका के पति समेत अन्य लोग फरार हो गए। थाने में दिए आवेदन मे हत्या का आरोप पति कलीम अंसारी, भैंसुर मुस्तकीम, गोतनी जुबैदा व सास पर लगाया है। फिलहाल सभी फरार हैं। पुलिस उनकी खोज कर रही है।