किशोरी पहुंची थाना, जबरन ब्याहने से बचाने की लगाई गुहार
गिरिडीह उप नगरी पचम्बा थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार को हिम्मत दिखाने पर जबरन ब्याहन
गिरिडीह : उप नगरी पचम्बा थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार को हिम्मत दिखाने पर जबरन ब्याहने से किशोरी बच गई। किशोरी के विरोध करने पर उसके स्वजनों को विवाह कार्यक्रम रोकना पड़ा। साथ ही थाना में पुलिस के समक्ष करार किया कि बालिग होने के बाद ही पुत्री की शादी झारखंड में ही अच्छा वर खोजकर कराई जाएगी।
करीब 17 वर्षीय किशोरी की शादी स्वजन उत्तर प्रदेश के जिला बागपत अंतर्गत गोरखपुर चौहान नगर निवासी के साथ गुरुवार को करनेवाले थे। इस बात की जानकारी होने के बाद किशोरी ने शादी का विरोध करना शुरू कर दिया। किसी भी सूरत में स्वजनों के नहीं मानने पर किशोरी ने हिम्मत दिखाते हुए घर से भागकर सीधे पचंबा थाना पहुंची। वहां थाना प्रभारी को सारी बातें बताते हुए शादी रोकने की फरियाद की। किशोरी की बातें सुनने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किशोरी के स्वजनों एवं उत्तर प्रदेश से आए लोगों को थाना ले आए। यहां गांव के प्रबुद्ध लोगों की उपस्थिति में किशोरी के स्वजन ने बालिग होने पर ही पुत्री की शादी करने का करार किया।