तीन बच्चों की मां को फोन पर दिया तीन तलाक
जमुआ (गिरिडीह) केंदुआ की एक विवाहिता को उसके शौहर ने फोन पर तीन तलाक दे दिया। तल
जमुआ (गिरिडीह) : केंदुआ की एक विवाहिता को उसके शौहर ने फोन पर तीन तलाक दे दिया। तलाक दिए जाने के बाद उसके ससुरालवालों ने तीन बच्चों के साथ उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता न्याय के लिए पहले महिला थाना गिरिडीह गई। वहां से उसे जमुआ थाना भेज दिया गया। बुधवार को जमुआ थाना में दिए आवेदन में पीड़िता सकीना खातून ने कहा है कि उसकी शादी केंदुआ निवासी मुर्शीद अंसारी के साथ वर्ष 2005 में हुई थी। निकाह के बाद सब कुछ ठीक ठाक चल रहा था। उसके तीन बच्चे भी हैं। कुछ दिन पहले से उसके पति, ससुर, देवर सहित परिवार अन्य सदस्य उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। बीते 22 जून की रात उक्त सभी लोग मिलकर उसके साथ मारपीट करने लगे। उस पर गलत आचरण का आरोप लगाकर डेढ़ लाख रुपये की मांग करने लगे। उसे घर से बाहर निकाल दिया तो उसने पड़ोस के एक घर में शरण ली। घटना के दूसरे दिन पति ने फोन पर उसे तीन तलाक दे दिया। इसके बाद उसे घर से बाहर कर दिया गया। बीते 15 जुलाई को वह सास का इंतकाल होने पर उसका शव देखने गई तो उसके देवर अब्दुल मजीद और गोतनी मुनिया खातून ने मिलकर उसके साथ मारपीट कर घर से भगा दिया। पीड़िता का कहना है कि उक्त लोग मिलकर उसका निकाह जबरन किसी और से करवाना चाह रहे हैं लेकिन वह ऐसा नहीं चाहती। इस घटना की जानकारी उसने एक माह पूर्व महिला थाना गिरिडीह जाकर दी थी। महिला थाना के निर्देश पर वह जमुआ थाना शिकायत दर्ज कराने पहुंची है।