गिरिडीह में CM हेमंत सोरेन के विरोध पर बवाल, झामुमो समर्थकों ने छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
Giridih News:मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने जा रहे छात्र संगठनों और झामुमो कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई। ...और पढ़ें

गिरिडीह में छात्रों की पिटाई करता झामुमो नेता। (फोटो साैजन्य)
HighLights
गिरिडीह में झामुमो-छात्रों में मुख्यमंत्री पुतला दहन पर झड़प।
झामुमो कार्यकर्ताओं ने छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर लाठी-डंडों से पीटा।
एमएमडीआर संशोधन बिल के विरोध में झामुमो का प्रदर्शन।
जागरण संवाददाता, गिरिडीह। शहर का राजनीतिक तापमान शुक्रवार की शाम को पूरी तरह गरम हो गया। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने के छात्र संगठनों के कार्यक्रम का झामुमो ने विरोध किया। दौड़ा-दौड़ा कर लाठी-डंडों से पीटा। दोनों पक्षों के बीच भिड़ंत ने शहर के माहौल को गरमा दिया।
झामुमो द्वारा छात्रों का पिटाई का झारखंड विधानसभा में भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने विरोध किया है। उन्होंने-एक्स पर पोस्ट पर हेमंत सरकार के साथ ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी घेरा है।
एमएमडीआर संशोधन के विरोध में झामुमो ने किया प्रदर्शन
झामुमो ने केंद्र सरकार की ओर से लागू किए गए एमएमडीआर संशोधन बिल के विरोध और छात्र आंदोलन के क्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने की जानकारी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन जिलाध्यक्ष संजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।
झामुमो कार्यकर्ता बस स्टैंड रोड होते हुए पैदल प्रतिवाद मार्च कर जेपी चौक पहुंचे और सड़क पर बैठकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस क्रम में झामुमो कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए एमएमडीआर संशोधन बिल को वापस लेने की आवाज बुलंद की।
झामुमो जिलाध्यक्ष ने कहा कि एमएमडीआर संशोधन बिल झारखंड का हक मारने वाला विधेयक है, जिसे कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा और झामुमो इसका पुरजोर विरोध करता है। कहा कि केंद्र सरकार की ओर से लाए गए इस कानून के खिलाफ पार्टी लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपना विरोध अनवरत जारी रखेगी।
कहा कि सूचना है कि भाजपा के इशारे पर तथाकथित कुछ छात्र आंदोलन के नाम पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने वाले हैं। इसके अलावा सरकार के मंत्री के खिलाफ इंटरनेट मीडिया में भ्रम फैलाया जा रहा है। पार्टी अपने नेताओं के सम्मान के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी।
कहा कि यदि झामुमो नेताओं को अपमानित करने का प्रयास किया गया तो पार्टी इसे बर्दाश्त नहीं करेगी और संवैधानिक तरीके से इसका विरोध करती रहेगी। प्रदर्शन के माध्यम से झामुमो ने केंद्र सरकार को साफ संदेश दिया कि एमएमडीआर संशोधन बिल के खिलाफ पार्टी का विरोध आगे भी जारी रहेगा।
विरोध प्रदर्शन में जिला महासचिव महालाल सोरेन, शाहनवाज अंसारी, कृष्ण मुरारी शर्मा, उप महापौर सुमित कुमार, राकी सिंह, अजीत कुमार पप्पू, दिलीप रजक, मुकेश केसरी, भरत यादव, दारा हाजरा, बबली मरांडी, प्रमिला कुमारी, प्रीति भास्कर समेत झामुमो के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
छात्रों को खदेड़ते हुए की पिटाई
वहीं, दूसरी ओर JPSC-JSSC Exam Scam को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने को लेकर झंडा मैदान में छात्र संगठनों के एकत्रित होने की जानकारी मिलते ही झामुमो के कार्यकर्ता झंडा मैदान पहुंच गए और छात्र संगठन के सदस्यों से बात करते हुए उलझ गए। हाल यह हो गया कि दोनों ओर से तू-तू, मैं-मैं से शुरू हुई बहस भयंकर विवाद का रूप ले ली।
यह भी पढ़ें- JPSC-JSSC Scam पर कांग्रेस का बड़ा बयान, के राजू ने CBI जांच की मांग ठुकराई
छात्र संगठन के सदस्यों को खदेड़ते हुए झामुमो कार्यकर्ताओं ने लाठी चलाना शुरू कर दिया, जिससे झंडा मैदान में भगदड़ मच गई और कुछ देर के लिए मैदान क्षेत्र रणभूमि में तब्दील हो गया।
कई छात्र हुए चोटिल
वहीं, झामुमो कार्यकर्ताओं पर मारपीट करने और मुख्यमंत्री का पुतला छीनने का आरोप भी छात्र संगठन ने लगाया और पुलिस-प्रशासन से मामले की जांच की मांग की। इस मारपीट में छात्र संगठन की ओर से वैसे तो कई लोग चोटिल हुए, लेकिन मंटू मुर्मू को ज्यादा चोट आने पर तत्काल आइसीयू में भर्ती कराया गया।
माले ने मारपीट की घटना का किया विरोध
इधर, माले के जिला सचिव अशोक पासवान ने कहा कि छात्र विरोध कर रहे हैं तो उन्हें लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने का अधिकार है। खदेड़ना या मारपीट करना बेहतर संदेश नहीं देता है। छात्रों को अपनी बात रखने का अधिकार है। वहीं, माले के नगर सचिव राजेश सिन्हा ने कहा कि छात्र कोई भी हो, अपना हक-अधिकार मांग सकता है। उन्हें खदेड़ना कतई उचित नहीं है। इससे आपसी माहौल खराब हो सकता है। संयम से काम लेने की जरूरत है।
.@RahulGandhi ने पत्र लिखकर सरकार को छात्रों के प्रति सॉफ्ट अप्रोच अपनाने और उनसे बातचीत करने की बात कही थी, लेकिन साजिश के तहत अब जब छात्र आंदोलन से हट गए हैं, तो उनके साथ इस तरह की बर्बरता की जा रही है।
— Babulal Marandi (@yourBabulal) August 21, 2026
झामुमो-कांग्रेस को झारखंड के गरीब, दलित और आदिवासी छात्रों की नौकरी बेचकर… pic.twitter.com/E43En2jysL
