गिरिडीह में वज्रपात से गई सात की जान
गिरिडीह : आकाशीय बिजली ने गुरुवार को गिरिडीह जिले में कहर ढाया। दोपहर में हुए वज्रपात से सात लोगो
गिरिडीह : आकाशीय बिजली ने गुरुवार को गिरिडीह जिले में कहर ढाया। दोपहर में हुए वज्रपात से सात लोगों की मौत हो गई और जबकि छह झुलस गए। मृतकों में पिता-पुत्र और पांच महिलाएं शामिल हैं।
डुमरी थाना क्षेत्र के कारीपहारी गांव में वज्रपात की चपेट में आने से सुनील सोरेन (35) और उनके छोटे पुत्र अजय सोरेन (12)ने दम तोड़ दिया जबकि बबलू सोरेन (15) गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पिता-पुत्र बारिश के दौरान खेत में काम कर घर लौट रहे थे। इसी थाना क्षेत्र के भंडारो निवासी प्रकाश राय की पत्नी सोनिया देवी भी झुलस गईं। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गप्पैय मंडाटांड़ टोला निवासी राजू मंडल की पत्नी प्रमीला देवी ( 32) आंगन में बैठी थी। इसी दौरान ठनके की चपेट में आने से उन्होंने दम तोड़ दिया। इसी थाना क्षेत्र के धनयडीह निवासी कामेश्वर महतो के घर पर आकाशीय बिजली गिरी और उनकी पत्नी संगीता देवी ( 35 ) की मौत हो गई। ठनके से इस गांव के कामेश्वर महतो, दशरथ कुमार वर्मा व सीता देवी झुलस गए। इनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। पीरटांड थाना क्षेत्र के घोरबाद में कंदनी देवी की मौत हो गई और मालती देवी झुलस गईं। दोनों महिलाएं महुआ बीज चुनने गई थीं।
इधर, जमुआ में बदडीहा गांव निवासी विजय राय की पत्नी मीना देवी की जान ठनके ने ले ली। बारिश से बचने के लिए मीना घर के सामने गौहाल में खड़ी थी। इस दौरान तेजी से बिजली कड़की और उसे अपनी चपेट में ले लिया। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए दुबे नर्सिंग होम लाया। यहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
वज्रपात से घायल एक अन्य महिला को सदर अस्पताल लाया गया। चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को पोस्टमार्टम कराए घर ले गए। इस कारण इसकी शिनाख्त नहीं हो सकी।
----------------------
गोड्डा में दो व बोकारो में एक की मौत
गोड्डा/बोकारो: गोड्डा जिले के पथरगामा थाना क्षेत्र के माछीटाड़ चौबे बगीचा में राजा लुई (18) की मौत ठनके से हो गई। इसी जिले के चंदना गांव में देर शाम वज्रपात से इतवारी पहाड़िया (40) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इधर, बोकारो हरला थाना इलाके के महुवार जमुनियाटांड़ निवासी बादल रजवार ( 23 वर्षीय) की मौत हो गई। वह बोकारो इस्पात संयंत्र में ठेका मजदूर था। वह अपनी ड्यूटी समाप्त कर साइकिल से घर लौट रहा था कि रास्ते में प्राकृतिक आपदा का शिकार हो गया।