हादसे के बाद लोगों ने जाम की जमुआ-चतरो हाईवे
देवरी थाना क्षेत्र में जमुआ-चतरो मुख्य मार्ग पर देवपहाड़ी गांव के पास बाइक की चपेट में आने से एक छात्र घायल हो गया।
संस, देवरी: देवरी थाना क्षेत्र में जमुआ-चतरो मुख्य मार्ग पर देवपहाड़ी गांव के पास बाइक की चपेट में आने से एक छात्र घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग को लेकर रोड जाम कर दिया। इस दौरान करीब एक घंटा तक आवागमन बाधित रहा।
बताया जाता है कि देवपहाड़ी गांव निवासी सुनील राम का सात वर्षीय पुत्र बालवीर कुमार मंगलवार की सुबह स्कूल जाने के लिए सड़क पार कर रहा था। तभी चतरो की ओर से आ रहे बाइक सवार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पाकर देवरी थाना प्रभारी उत्तम कुमार उपाध्याय, एसआइ प्रशांत कुमार दलबल के साथ पहुंचे और बाइक सहित चालक को कब्जे में ले लिया। ग्रामीणों ने बताया कि चतरो से खेदुवाडीह मोड़ तक स्पीड ब्रेकर नहीं रहने के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। पिछले तीन माह में देवपहाड़ी से मकडीहा तक 10 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं, जिसमें चार लोगों की मौत मौके पर ही हो गई।
बाइक की चपेट में आने से वृद्धा घायल: महतोटांड़-चतरो मुख्य मार्ग पर देवरी थाना क्षेत्र के गादिदिघी में बाइक की चपेट में आने से गादीदिघी निवासी 70 वर्षीय महिला चमेली देवी घायल हो गई। बताया गया कि बाइक सवार प्रमोद कुमार चतरो बाजार से अपने घर बांसडीह जा रहा था। गादीदिघी गांव में उसकी बाइक की चपेट में आकर उक्त महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद महिला को देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।