रिटायर्ड राजस्व कर्मचारी की गोली मारकर हत्या, पुत्र समेत प्रेमिका गिरफ्तार Giridih News
अलीबख्त 31 जुलाई को बिरनी के प्रभारी अंचल निरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। शादीशुदा अलीबख्त का सुनीता नामक महिला से करीब दस साल से भी अधिक समय से अवैध संबंध था।
गिरिडीह, जेएनएन। पचंबा थाना क्षेत्र के बोड़ो में रविवार-सोमवार की रात करीब ढाई बजे सेवानिवृत्त राजस्व कर्मचारी अलीबख्त मियां की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में अलीबख्त की प्रेमिका सुनीता देवी एवं उसके पुत्र पप्पू दास को हिरासत में ले लिया है। दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है। सेवानिवृत्ति के बाद अलीबख्त को मिली राशि बंटवारे में हत्या की बात सामने आ रही है।
बीती रात किसी ने अलीबख्त को उसके बोड़ो स्थित आवास पर खिड़की से आवाज दी। जैसे ही उन्होंने खिड़की खोली बाहर से अपराधियों ने उनके सिर पर दो गोली मार दी। गोली लगते ही वे गिर पड़े। परिजन तुरंत उन्हें लेकर सदर पहुंचे। जांच के बाद चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
अलीबख्त 31 जुलाई को बिरनी के प्रभारी अंचल निरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। शादीशुदा अलीबख्त का सुनीता नामक महिला से करीब दस साल से भी अधिक समय से अवैध संबंध था। दोनों पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। अलीबख्त ने सेवानिवृत्त होने पर दस लाख रुपये सुनीता को देने की लिखित घोषणा की थी। इस बात को लेकर उसकी पहली पत्नी और परिवार के लोग विरोध कर रहे थे। इधर सेवानिवृत्त के बाद अलीबख्त सुनीता को पैसे देने से मुकर गया था। इसी बात को लेकर सुनीता नाराज थी।