बूंदाबांदी व सर्द हवा के प्रकोप से घरों में दुबके लोग
जागरण संवाददाता, गिरिडीह: बूंदाबांदी के साथ बह रही सर्द हवाओं ने लोगों को घरों में
जागरण संवाददाता, गिरिडीह: बूंदाबांदी के साथ बह रही सर्द हवाओं ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया है। मंगलवार को दिन में भी चौक-चौराहों पर लोग अलाव का सहारा लेते नजर आए। दिन में बाजार की रौनक गायब रही। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जानेवाले बच्चों एवं बुजुर्गो को हो रही है। ठंड के कारण लकड़ी व कोयले की खपत बढ़ गई है।
तापमान में रोज हो रही गिरावट: मंगलवार को जिले का तापमान न्यूनतम 11 डिग्री एवं अधिकतम 18 डिग्री रिकार्ड किया गया। रोज तापमान में हो रही गिरावट ने जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। ठंड के कारण कुहासा छाया रहा।
बेजुबान जानवर भी प्रभावित: जिले में ठंड के कारण मनुष्य के साथ-साथ मवेशी भी प्रभावित हो रहे हैं। ज्यादा ठंड पड़ने के कारण असमय ही मवेशी काल के गाल में समा जाते हैं। ऐसे में ठंड को नजरअंदाज करने के बजाए बढ़ती ठंड से मवेशियों की हिफाजत को लेकर एहतियात बरतने की जरूरत है।
एहतियात ही है बचाव: डॉ देव ठंड से बचाव का मुख्य उपाय एहतियात बरतना है। सदर अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. एपीएन देव ने बताया कि ठंड में लापरवाही नहीं बरतें। धूप निकलने पर बच्चों को घर से बाहर निकलने दें। साथ ही गर्म कपड़े का पूरा उपयोग करें। कान व गले को ढंककर रखें। गर्म पानी का अधिक से अधिक सेवन करें।
मंगलवार रहा अबतक का सबसे ठंडा दिन
खोरीमहुआ: प्रखंड क्षेत्र में ठंड जानलेवा साबित हो रही है। मंगलवार इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। सोमवार अलसुबह से हो रही बूंदाबूंदी के कारण आनेवाले दिनों में तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। मंगलवार को सुबह प्रखंड में मौसम में धुंध का भी असर रहा। सर्दी के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। कई स्थानों पर लोग अलाव का सहारा लेते नजर आए। एकाएक बढ़ी कड़ाके की ठंड से लोगों की दिनचर्या बदलने के साथ ही जनजीवन अस्त व्यस्त होने लगा है।
घरों में बंधे रहे मवेशी, फसल बर्बाद
बिरनी, झारखंडधाम आदि इलाकों में बारिश के कारण मवेशी दो दिनों से घर में ही बंधे हैं। खेत खलिहानों में रखे धान भीगकर बर्बाद हो रहे है। आलू की फसल को नुकसान होने की आशंका है।
देवरी में की गई अलावा की व्यवस्था
कड़ाके की ठंड को देखते हुए चतरो बाजार, बजरंग मोड़, मंडरो, घोरंजी, थाना मोड़, प्रखंड मुख्यालय समेत विभिन्न चौक चौराहों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। बीडीओ कुमार देवेश द्विवेदी ने बताया कि संबंधित पंचायत के मुखिया व पंचायत सचिव को अलाव की व्यवस्था का निर्देश दिया गया है।