सड़क दुर्घटना में पोस्टमैन घायल
खोरीमहुआ घोड्थम्बा मुख्य मार्ग पर स्थित करमाटांड़ मोड़ के पास बोलेरो वाहन ने एक दो पहिया वाहन में जोरदार ठोकर मार दी जिससे बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
धनवार : खोरीमहुआ घोड़थंबा मुख्य मार्ग पर करमाटांड़ मोड़ के पास बोलेरो ने एक दोपहिया वाहन में जोरदार ठोकर मार दी जिससे बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। धनवार प्रखंड के ढोलकियाडीह निवासी अभिमन्यु राय उपडाकघर धनवार में पोस्टमैन के पद पर कार्यरत हैं। वह बलहारा से वापस खोरीमहुआ की ओर दो पहिया वाहन से जा रहे थे। इसी क्रम में खोरीमहुआ की ओर से आ रही बोलेरो ने करमाटांड़ मोड़ के पास उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि अभिमन्यु काफी धीमी गति से बाइक चला रहे थे। वहीं बोलेरो काफी तेज गति में थी, जिस कारण काफी संभलने के बावजूद बोलेरो ने अपनी दाहिने साइड जाकर राय की बाइक में जोरदार ठोकर मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों के सहयोग से उन्हें रेफरल अस्पताल राजधनवार पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही घोडंथंबा ओपी प्रभारी आरके पांडेय मौके पर पहुंचकर वाहनों को जब्त कर थाना ले गए।