नदी की तेज धार में बह गया छात्र, परिजनों का रो रो कर बुरा हाल
नदी में नहाने गया 12 वर्षीय एक छात्र नदी की तेज धार में बह गया। उसका अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
गिरिडीह, जेएनएन। सरिया स्थित राजदह़ धाम के पास बराकर नदी में नहाने गया 12 वर्षीय एक छात्र नदी की तेज धार में बह गया। उसका अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
सरिया प्रखंड के सबलपुर पंचायत अंतर्गत नीमाटांड गांव निवासी राजू वर्मा के 12 वर्षीय पुत्र दिवाकर वर्मा तथा उसके मित्र प्रवीण वर्मा, विशाल वर्मा, किशोर वर्मा व धीरज वर्मा बराकर नदी में नहाने के लिए रविवार की सुबह लगभग 10 बजे पहुंचे। नहाने के क्रम में सभी छात्र पानी की तेज धार में बहने लगे। बहते हुए बच्चों को देखकर पवित्र राजदह धाम में स्नान करने आए यात्रियों की नजर पड़ी। जहां सब के प्रयास से चार बच्चों को बचा लिया गया, जबकि दिवाकर वर्मा का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलते ही सरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिनोद कुमार महतो तथा थाना प्रभारी विकास कुमार पासवान सदलबल राजदह धाम पहुंचे। अपने स्तर से काफी खोजबीन की। 4 घंटे के बाद भी अब तक कोई पता नहीं चल पाया।
इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनोद कुमार महतो ने कहा कि यह घटना बहुत ही दुखद है। नदी की तेज धार में छात्र के बह जाने की सूचना मिली है। उसका पता करने के लिए रेस्क्यू टीम को बुलाया गया है। जो कुछ ही समय में पहुंचने वाली है। डूबे हुए छात्र दिवाकर के चाचा रमा महतो ने बताया कि वह लड़का सरिया स्थित कल्पतरु विद्यालय का छात्र है। कभी वह नदी नहीं जाया करता था। आज छुट्टी का दिन होने के कारण अपने कुछ साथियों के साथ बराकर नदी चला गया। वहां नहाने के क्रम में पानी की तेज धार में बह गया। सूचना मिलते ही गांव तथा परिवार के लोग नदी के किनारे लगभग 5 किलोमीटर तक खोजबीन की।