झरखंड के सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगा एनडीए : नंदकिशोर
एनडीए गठबंधन झारखंड के सभी
डुमरी (गिरिडीह): एनडीए झारखंड के सभी 81 विधानसभा सीटों पर पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगा और पार्टी के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करेगा। यह कहना है बिहार के पथ निर्माण मंत्री एवं झारखंड के चुनाव सह प्रभारी नंदकिशोर यादव का। वे शुक्रवार को धनबाद से हजारीबाग जाने के क्रम में यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इसी क्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सह डुमरी विधानसभा संयोजक प्रशांत जायसवाल के नेतृत्व में बेसिक स्कूल के समीप बाईपास रोड पर उनका स्वागत किया गया। पत्रकारों से बातचीत में नंदकिशोर यादव ने कहा कि भाजपा गठबंधन विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगा। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व एवं झारखंड में रघुवर दास के संयोजन में यहां विकास की गंगा बह रही है। इससे झारखंड में पार्टी का जनाधार बढ़ा है। कहा कि सरकार की उपलब्धियों को लेकर भाजपा के सभी कार्यकर्ता चुनावी मैदान में उतरेंगे। एक सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि राज्य के भोले भाले आदिवासियों को बहला फुसलाकर राज्य में राज करनेवाले झामुमो का अस्तित्व अब झारखंड में समाप्त हो चुका है इसलिए वह कोई चुनौती नहीं है। डुमरी से भाजपा लड़ेगी या आजसू पर कहा कि यह एनडीए की बैठक में तय होगा।
इस दौरान डुमरी मंडल अध्यक्ष कृष्णकांत शर्मा, निमियाघाट मंडल अध्यक्ष बजल हेंब्रम, जिप सदस्य दिनेश महतो, पिटू कुमार, शिवकुमार सिन्हा, युगल यादव, संजय अग्रवाल, दीपक ठाकुर, आशीष कुमार, तुलसी सिंह, सुरेश साव, बैजनाथ दाढ़ीवाला, अर्जुन यादव, तेजलाल मंडल, अलखनाथ आदि दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता व समर्थक उपस्थित थे।