24 घंटे के अंदर एक ही गांव में दहेज के लिए दो महिलाओं की हत्या
Murder. झारखंड के गिरिडीह में 24 घंटे के अंदर एक ही गांव में दहेज के लिए दो महिलाओं की हत्या का मामला सामने आया है।
जागरण संवाददाता, गिरिडीह। देवरी थाना क्षेत्र के कोशोगोंदोदिघी गांव में 24 घंटे के अंदर दो महिलाओं की मौत हो गई। एक महिला का शव जहां गुरुवार की सुबह घर पर ही फांसी के फंदे पर झूलता हुआ पाया गया, वहीं दूसरी महिला का शव शुक्रवार की सुबह गांव के ही एक कुएं में मिला। दोनों ही मामलों में दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गुरुवार से ही गायब 20 वर्षीय विवाहिता रूपा कुमारी का शव शुक्रवार को कुएं से मिला। मृतक महिला के पति संतोष साव, सास, ससुर समेत नौ लोगों के खिलाफ दादा अर्जुन साव ने देवरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। चालीस हजार रुपये नगद एवं एक बाइक के लिए अपनी पोती की हत्या करने का आरोप उसके ससुरालवालों पर उन्होंने लगाया है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया है।
इसके एक दिन पूर्व इसी गांव में राहुल साव की 22 वर्षीय पत्नी सबिता देवी का शव फंदे पर झूलता हुआ मिला था। 24 घंटे के अंदर दो युवा महिलाओं की मौत से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है।