स्थायीकरण को हड़ताल पर रहे दो सौ से अधिक पारा मेडिकलकर्मी
गिरिडीह जिलेभर के दो सौ से अधिक पारा मेडिकलकर्मी अपनी सेवा स्थायी करने की मांग को लेक
गिरिडीह : जिलेभर के दो सौ से अधिक पारा मेडिकलकर्मी अपनी सेवा स्थायी करने की मांग को लेकर मंगलवार को हड़ताल पर रहे। हड़ताली कर्मियों ने सदर अस्पताल से लेकर जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों के अस्पतालों पर प्रदर्शन किया। पारा मेडिकल कर्मियों के हड़ताल पर रहने से चिकित्सा व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हुई।
सदर अस्पताल में पारा मेडिकल कर्मियों ने धरना दिया और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। धरना दे रहे कर्मियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को सरकार ने नहीं मानी तो वे बेमियादी हड़ताल पर चले जाएंगे। इस मौके पर प्रवीण कुमार, दीपक कुमार, सोहेल अख्तर, गोपाल कुमार, शंभू मेहता आदि ने संबोधित किया।
जमुआ : अपनी मांगों को लेकर अनुबंध पारा स्वास्थ्य कर्मियों ने मंगलवार को सांकेतिक हड़ताल किया। उक्त लोगों ने कहा कि उनकी मांगे आज नहीं मानी गई तो बुधवार से वे सभी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। सांकेतिक हड़ताल में मीरा देवी, कुमारी स्मिता, आलोक कुमार, सुमित्रा कुमारी, आराधना कुमारी सहित कई शामिल थे।
खोरीमहुआ : स्थाईकरण तथा अन्य मांगों के समर्थन में संगठन के आह्वान पर रेफरल अस्पताल राजधनवार में कार्यरत पारा मेडिकल कर्मियों ने भी एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल पर रहे। पारा मेडिकल कर्मियों ने कहा कि वैश्विक महामारी में भी लैब टेक्नीशियन, एएनएम, जीएनएम, बीएमपी, फार्मासिस्ट, टेक्नीशियन आदि अनुबंध कर्मी जान जोखिम में डालकर काम कर रहे हैं। लेकिन अबतक सरकार अथवा विभाग द्वारा कोई सकारात्मक पहल नहीं की है। जबकि पूर्व में ही पारा मेडिकल अनुबंध कर्मियों ने स्थाईकरण करने आदि की मांग सरकार और विभाग से की थी। कहा कि संगठन के आह्वान पर आज ये सभी कर्मी सांकेतिक हड़ताल पर थे। बाबजूद सरकार इनकी मांगो को पूरा नहीं करती है तो ये सभी कर्मी बुधवार से बेमियादी हड़ताल पर चले जाएंगे।